दुमका: विराट हिंदू सम्मेलन में भाग लेने के लिए अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक प्रवीण तोगड़िया बुधवार को दुमका पहुंचे. कार्यक्रम के बाद दुमका के यज्ञ मैदान में मीडिया से बातचीत के क्रम में उन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठ, डीजे विवाद, मिडिल इस्ट युद्ध सहित कई ज्वलंत मुद्दों पर बयान दिया.
बांग्लादेशी घुसपैठ पर दिया बयान
बांग्लादेशी घुसपैठ पर लेकर प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि भारत के कई राज्यों असम, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में काफी संख्या में बांग्लादेशी घुसपैठिए बसे हुए हैं. खासकर उत्तर बिहार तो बांग्लादेशियों से भरा हुआ है. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार और जनता को मिलकर इन्हें भगाना होगा, अन्यथा ये हमें भगा देंगे. उन्होंने यह विश्वास जताते हुए कहा कि वर्तमान की केंद्र सरकार ने जिस तरह धारा 370 हटाया है उसी तरह देश से बांग्लादेशियों को भी भगाने का काम करेगी.
![]()
नहीं जाएंगे चुनाव वाले राज्यों में: प्रवीण तोगड़िया
हिंदूवादी नेता प्रवीण तोगड़िया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अभी उनका झारखंड और ओडिशा में प्रवास का कार्यक्रम है. उन सभी राज्यों में जहां अभी चुनाव की घोषणा हुई है , वहां मैं जाने वाला नहीं हूं.
डीजे विवाद पर दी प्रतिक्रिया
झारखंड में रामनवमी के दौरान डीजे बैन के विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि झारखंड के हिंदू हिम्मतवाले हैं. वे डीजे के मुद्दे पर ऐसा रास्ता निकलेंगे कि लोग देखते रह जाएंगे. जहां तक हजारीबाग में अक्सर रामनवमी में होने वाले विवाद का विषय है तो प्रशासन को चाहिए कि इस पर्व में खलल डालने वालों पर पहले से कानूनी कार्रवाई करें.

खाड़ी देशों में युद्ध पर कही ये बात
प्रवीण तोगड़िया ने खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इतिहास में यह पहला मौका है जब ईरान, इराक, कुवैत, दुबई सभी एक-दूसरे से लड़ रहे हैं और एक-दूसरे को मार कर रहे हैं. हां, इस वजह से रसोई गैस सिलेंडर की समस्या आ रही है, पर इसका समाधान सरकार जरूर निकालेगी.
वहीं, इसके पूर्व प्रवीण तोगड़िया के स्वागत में दुमका में एक रैली निकाली गई. जो शहर के विभिन्न मार्गों से होकर यज्ञ मैदान में एक सभा के रूप में तब्दील हो गई. प्रवीण तोगड़िया ने यज्ञ मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद लोगों से संगठित रहने और जो जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहने की अपील की.


