रांची और आसपास के इलाकों मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक आंशिक बादल, हल्की बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना जताई है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है
रांची। राजधानी रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि ने तापमान गिरा दिया है। तापमान गिरने के साथ ही मौसम सुहावना हो गया है। देर शाम 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से बह रही ठंडी हवा ने आमजनों को गर्मी से राहत दी तो वहीं तापमान गिर जाने के बाद घरों में एक बार फिर लोगों ने कंबल निकाल लिए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया कि राज्य में अगले तीन दिनों यानी 18, 19 और 20 मार्च को अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले दो दिनों तक यानी 21 और 22 मार्च को तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
18 मार्च को राज्य के अधिकांश जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। करीब 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा ने वातावरण में ठंडक ला दी है। मंगलवार को तेज हवा के साथ हल्की वर्षा और ओलावृष्टि ने जिले का तापमान गिरा दिया है।
ऐसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कहीं कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। साथ ही कहीं कहीं नामकुम, इटकी और धनबाद में ओलावृष्टि भी हुई। सबसे अधिक वर्षापात 37.2 मिमी पूर्वी सिंहभूम के गुराबंधा में रिकार्ड किया गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस खूंटी का रिकार्ड किया गया।
वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने कहा कि 19 से 21 मार्च तक पूरे राज्य में आंशिक बादल छाया रहेगा। उत्तर पश्चिमी क्षेत्र यानी पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के सभी जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा, 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा और बिजली गिरने की संभावना है।
इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम का मिजाज बदलते ही मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने आमजनों को सतर्क रहने की सलाह दी है। केंद्र के अनुसार आने वाले समय में तेज हवा के साथ बिजली गिरने की संभावना है। विभाग ने इस दौरान लोगों को पेड़ के नीचे खड़ा नहीं रहने की सलाह दी है।
ऐसा रहेगा राजधानी का मौसम
- 18 मार्च : अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 19 डिग्री
- 19 मार्च : अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 21 डिग्री
- 20 मार्च : अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 19 डिग्री
- 21 मार्च : अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 16 डिग्री


