रांचीः धनबाद नगर निगम चुनाव में रिकॉर्ड मतों से महापौर बनने वाले संजीव सिंह सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले. झारखंड विधानसभा में बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे संजीव सिंह ने इस दौरान धनबाद नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्य में सहयोग करने का आग्रह किया. मुख्यमंत्री से मिलने के बाद मीडियाकर्मियों से बात करते हुए संजीव सिंह ने कहा कि धनबाद की जनता ने उन्हें अपना आशीर्वाद दिया है और वहां के विकास को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात की है.
मुख्यमंत्री ने पूरा सहयोग का आश्वासन दियाः संजीव सिंह
महापौर पद पर जीत के बाद यह औपचारिक मुलाकात राज्य के मुखिया से थी, जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा हुई है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस दौरान धनबाद नगर निगम के कामकाज में पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी कठिनाइयां आएंगी उसमें मैं पूरी तरह से सहयोग करूंगा. एक सवाल के जवाब में संजीव सिंह ने कहा कि विधानसभा का सदस्य होना अलग बात है और एक महापौर होना अलग है. दोनों का अनुभव अलग-अलग होता है.
प्रिंस खान को लेकर सरकार को चिंता करनी चाहिएः संजीव सिंह
उन्होंने कहा कि मेरा टारगेट है कि धनबाद की जनता की समस्या का समाधान करें और इसको लेकर मेरा हमेशा प्रयास रहेगा कि ज्यादा से ज्यादा और जल्द से जल्द उनकी समस्याओं का समाधान हो सके. प्रिंस खान को लेकर झरिया विधायक द्वारा कल सदन में उठाए गए सवाल को सही बताते हुए कहा कि सरकार को इस पर चिंता करनी चाहिए.
संजीव सिंह ने रिकॉर्ड वोट से की जीत दर्ज
हाल ही में हुए शहरी निकाय चुनाव में झरिया की भाजपा विधायक रागिनी सिंह के पति और पूर्व विधायक संजीव सिंह ने धनबाद नगर निगम के महापौर पद पर रिकॉर्ड वोट से जीत दर्ज की है. संजीव सिंह को इस चुनाव में किसी भी राजनीतिक दल का समर्थन प्राप्त नहीं था. उन्होंने इस चुनाव में एक लाख से अधिक वोट पाकर जेएमएम समर्थित उम्मीदवार चंद्रशेखर अग्रवाल को 31902 वोट से पराजित किया था.


