टी20 वर्ल्ड कप 2026 खत्म होने के बाद भी वेस्टइंजीज और साउथ अफ्रीका भारत में फंसी हुई हैं. जिस पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने खेद जताते हुए एक बयान जारी किया है. जिसमे कहा गया है कि खिलाड़ियों की यात्रा में देरी का एकमात्र कारण मिडिल ईस्ट में तनाव है. मध्य पूर्व और पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण हवाई क्षेत्र बंद हैं.
देरी की वजह हवाई क्षेत्र का बंद होना
आईसीसी ने कहा, ‘हम समझते हैं कि जिन खिलाड़ियों, कोचों, सपोर्ट स्टाफ और उनके परिवारों ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना अभियान पूरा कर लिया है, वे घर लौटने के लिए बेचैन हैं. वे अभी तक ऐसा नहीं कर पाए हैं, यह वाकई निराशा की बात है, और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) भी इस निराशा में उनके साथ है.’
‘यह देरी खाड़ी क्षेत्र में चल रहे संकट का सीधा नतीजा है, जिसके कारण अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा में बड़े पैमाने पर और लगातार रुकावटें आ रही हैं. इनमें हवाई क्षेत्र का बंद होना, मिसाइल की चेतावनी, उड़ानों का रास्ता बदलने में दिक्कतें, और साथ ही कम समय के नोटिस पर कमर्शियल और चार्टर, दोनों तरह की उड़ानों का रद्द होना या उनका समय बदलना शामिल है.’

‘ये ऐसी स्थितियां हैं जिन पर ICC का बिल्कुल भी नियंत्रण नहीं है, और इनकी वजह से यात्रा से जुड़ा हर समाधान सामान्य परिस्थितियों की तुलना में कहीं ज्यादा मुश्किल और समय लेने वाला हो गया है.’
ICC ने एक मीडिया रिलीज में कहा, ‘ICC सभी प्रभावित समूहों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने के लिए, जितनी जल्दी हो सके, कई अलग-अलग क्षेत्रों में एयरलाइंस, चार्टर ऑपरेटरों, हवाई अड्डा अधिकारियों, ग्राउंड हैंडलर्स और सरकारी हितधारकों के साथ लगातार संपर्क में है. यह काम अभी भी जारी है.’
वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका कब रवाना होंगी?
प्रभावित टीमों में वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं. वेस्ट इंडीज ने टूर्नामेंट का अपना आखिरी मैच 1 मार्च को खेला था, लेकिन वे अभी भी भारत में ही हैं. वहीं, दक्षिण अफ्रीका भी 4 मार्च को न्यूजीलैंड के हाथों सेमीफाइनल में हारने के बाद यहां से रवाना नहीं हो पाया है. आईसीसी ने अपने बयान में आगे कहा, ‘मौजूदा इंतजामों के मुताबिक, दक्षिण अफ्रीका का दल आज रात अपने देश के लिए रवाना होना शुरू कर देगा, और उम्मीद है कि अगले 36 घंटों के भीतर सभी सदस्य यहां से चले जाएंगे.
वेस्टइंडीज के दल की बात करें तो, उसके नौ सदस्य पहले ही कैरिबियन के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि बाकी 16 सदस्यों के लिए अगले 24 घंटों के भीतर भारत से जाने वाली फ़्लाइट्स बुक कर दी गई हैं. जैसे ही आगे की यात्रा के लिए पक्के इंतजाम हो जाएंगे, हम आपको उसकी जानकारी देते रहेंगे.

हालांकि, इस मामले पर तब सवाल उठने लगे, जब इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल से बाहर होने के बाद ही मुंबई से एक चार्टर फ्लाइट के जरिए अपने देश लौट गई. जबकि, वेस्टइंडीज की टीम सुपर-8 से बाहर होने के बाद एक हफ्ते से भी ज्यादा समय तक कोलकाता में ही फंसी रही. दक्षिण अफ्रीका की टीम भी मंगलवार को प्रस्तावित यात्रा योजना से पहले अभी भारत में ही मौजूद है.
ICC की सबसे बड़ी प्राथमिकता
बयान के अंत में कहा गया, ‘इस पूरे दौर में, ICC की सबसे बड़ी प्राथमिकता उन सभी लोगों की सुरक्षा और भलाई रही है, जो इस स्थिति से प्रभावित हुए हैं—जिनमें खिलाड़ियों के साथ यात्रा कर रहे उनके जीवनसाथी और छोटे बच्चे भी शामिल हैं. जब तक हमें इस बात का पूरा भरोसा नहीं हो जाता कि यात्रा का जो समाधान निकाला गया है, वह पूरी तरह से सुरक्षित है, तब तक हम किसी को भी यहां से रवाना नहीं करेंगे; और, हम अपने इस वादे पर पूरी तरह से कायम रहेंगे.
‘हम सभी खिलाड़ियों, टीम प्रबंधन, क्रिकेट बोर्डों और हमारे सभी सहयोगियों का इस बेहद मुश्किल घड़ी में लगातार धैर्य बनाए रखने और हमारा सहयोग करने के लिए तहे दिल से शुक्रिया अदा करते हैं. हमारी टीमें दिन-रात काम कर रही हैं, और जैसे-जैसे हालात बदलते जा रहे हैं, वे लगातार टीम प्रबंधकों के संपर्क में बनी हुई हैं. जैसे-जैसे स्थिति में कोई नया बदलाव आएगा, हम आपको उसकी जानकारी देते रहेंगे.’


