Wednesday, March 11, 2026

बगोदर में 84 लाख रुपए की लागत से बने मिनी खेल स्टेडियम में हरियाली लाने के लिए बंगाल से घास लाकर लगाया जा रहा है.

Share

गिरिडीह: जिले के बगोदर के दोंदलो में 84 लाख रुपए की लागत से मिनी खेल स्टेडियम बनकर तैयार हो गया है. स्टेडियम परिसर में हरियाली लाने के लिए पश्चिम बंगाल से घास लाकर लगाया जा रहा है. घास लगाने की शुरुआत मंगलवार को हुई. घास लगाने के साथ ही नवनिर्मित स्टेडियम की सुंदरता बढ़ने लगी है. स्टेडियम परिसर में घास लगाए जाने से आई हरियाली को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ भी जुटने लगी है. बंगाल के कारीगरों के द्वारा ही घास लगाया जा रहा है.

घास लगाने की जिम्मेदारी लेने वाले ठेकेदार संजय कुमार बताते हैं कि तीन-चार फेज में घास लगाया जाएगा. फिलहाल गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है. ऐसे में लगाए गए घास को बचाने की चुनौती है. उन्होंने बताया कि स्टेडियम परिसर में हरियाली लाने के लिए पश्चिम बंगाल के रोजर हाट से दूर्वा घास जिसे दूब घास कहते हैं मंगाया गया है. उसे लगाने के लिए स्टेडियम परिसर में पहले बालू बिछाया जा रहा है और फिर उसके ऊपर घास लगाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जिले का संभवतः यह पहला स्टेडियम है, जहां हरियाली लाने के लिए घास लगाया जा रहा है.

जनप्रतिनिधि ने स्टेडियम का लिया जायजा

इधर उप प्रमुख हरेंद्र कुमार सिंह ने घास लगाने के कार्य का जायजा लिया. उन्होंने खुशी प्रकट करते हुए कहा कि घास लगने के बाद बगोदर इलाके के लोगों खासकर खिलाड़ियों को यहां क्रिकेट, फुटबॉल आदि खेलों के आयोजन में सहुलियत होगी. खेल स्टेडियम में बने बिरसा मुंडा क्लब के अध्यक्ष अजय कुमार महतो ने कहा कि घास लगने के बाद स्टेडियम परिसर की सुंदरता बढ़ने लगी है और आसपास के लोग देखने के लिए पहुंचने लगे हैं.

बता दें कि बगोदर के तत्कालीन विधायक विनोद कुमार सिंह की पहल से दोंदलो में 84 लाख रुपए की लागत से खेल स्टेडियम का निर्माण कराया गया है. प्रखंड का यह दूसरा स्टेडियम है. बगोदर मुख्यालय में इसके पूर्व स्टेडियम का निर्माण कराया गया था. खिलाड़ियों और अन्य लोगों की सुविधा के लिए स्टेडियम परिसर में चेंजिंग रूम, शौचालय और हॉल का निर्माण भी किया गया है. स्टेडियम परिसर में हाई मास्क लाइट लगाने की भी प्लानिंग है.

Read more

Local News