हजारीबाग: जिले में रामनवमी का आगाज मंगला जुलूस के साथ शुरू हो गया. सैकड़ों की संख्या में राम भक्त मंगला जुलूस के दौरान सड़कों पर दिखे और पूरा शहर जय श्री राम के घोष से गूंज उठा. भगवा रंग का अंग वस्त्र मंगला जुलूस की सुंदरता को और भी अधिक बिखेरता दिखा . शहर से लेकर गांव तक के लोग मंगला जुलूस में नाचते झूमते नजर आए. लगभग आधे दर्जन से अधिक विभिन्न अखाड़े का जुलूस सड़कों पर निकला जो विभिन्न मार्गों से होते हुए महावीर स्थान पहुंचा और मंदिर में पूजा अर्चना की गई.
महासमिति पद के उम्मीदवारों ने दिखाया शक्ति प्रदर्शन
इस दौरान राम भक्तों का जन सैलाब सड़कों पर देखने को मिला. जुलूस के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे. मंगला जुलूस के दौरान महासमिति अध्यक्ष पद के उम्मीदवार एक साथ दिखे और उन्होने कहा कि चुनाव अपनी जगह है और मंगला जुलूस की भव्यता अपनी जगह है. सभी राम भक्त एक साथ मंगला जुलूस में है. यही हजारीबाग के रामनवमी की सुंदरता है.
जुलूस के दौरान डीसी रहे मौजूद
मंगला जुलूस के दौरान हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह और पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन रूट वेरिफिकेशन करने के लिए सड़कों पर उतरे. इस दौरान दोनो ही अधिकारी झंडा चौक से लेकर ग्वालटोली चौक तक पैदल चले. विभिन्न चौक चौराहों पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली और दिशा निर्देश भी निर्गत किया गया.
हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने कहा सुरक्षा के मद्देनजर व्यापक इंतजाम किया गया है. हजारीबाग का अपना और महत्वपूर्ण पर्व है. पर्व के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखें. मंगला जुलूस के साथ ही रामनवमी पर्व का आगाज हो जाता है. आने वाले दिनों में पूरा शहर रामनवमी के रंगता चला जाएगा. उत्साह और उमंग के साथ पर्व मनाएं कानून तोड़ने की इजाजत किसी को नहीं है.
कानून को अपने हाथों ने ना ले: एसपी
हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन ने लोगों को रामनवमी पर्व की शुभकामना दी. कहा की सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किया गया है. हर एक चौक चौराहा पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है. कई जगह बैरिकेडिंग किया गया है. लोग उत्साह के साथ पर्व मनाए. लेकिन कानून को अपने हाथों में ना ले. उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह पर विश्वास ना करें. सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


