Tuesday, March 10, 2026

धनबाद बीबीएमकेयू की दो छात्राएं चेन्नई में घायल हो गईं हैं.

Share

धनबाद: जिले के बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल यूनिवर्सिटी (बीबीएमकेयू) की टीम के साथ चेन्नई में एक हादसा हो गया है. राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेने चेन्नई गईं बीबीएमकेयू की दो छात्राएं कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही घायल हो गईं हैं. दोनों छात्राओं का इलाज चेन्नई के एक स्थानीय अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

दरअसल, 8 मार्च को बीबीएमकेयू की 27 सदस्यीय टीम राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेने के लिए चेन्नई स्थित सत्यभामा इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के लिए रवाना हुई थी. इस टीम में 19 छात्राएं, 4 वाद्य कलाकार और 4 टीम मैनेजर शामिल हैं.

मंगलवार को कार्यक्रम शुरू होने से पहले नाश्ता और पंजीकरण के दौरान पंडाल के लिए लगाया गया चौकोर लोहे का पाइप अचानक नीचे गिर गया. जिसकी चपेट में आकर बीबीएमकेयू की दो छात्राएं घायल हो गईं.

घायल छात्राओं में प्रियाशा पॉल और कुमुद कुमारी शामिल हैं. दोनों धनबाद के बरमसिया स्थित गुरु नानक कॉलेज धनबाद की छात्राएं हैं. जानकारी के मुताबिक कुमुद कुमारी के कंधे में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि प्रियाशा पॉल के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है. दोनों का इलाज चेन्नई के स्थानीय अस्पताल में चल रहा है. इस घटना में सत्यभामा यूनिवर्सिटी के कुछ स्वयंसेवक भी घायल हुए हैं.

इस संबंध में बीबीएमकेयू की डीन छात्र कल्याण पुष्पा कुमारी ने बताया कि छात्राएं राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेने चेन्नई गई थीं. कार्यक्रम शुरू होने से पहले पंजीकरण के दौरान टेंट का चौकोर पाइप गिर गया, जिससे दो छात्राएं घायल हो गईं. दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं. फिलहाल घायल छात्राओं का इलाज जारी है और विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

Read more

Local News