रांची: घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर सामने आई शिकायतों के बीच रांची जिला प्रशासन ने स्थिति की समीक्षा की है. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत की अध्यक्षता में ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई. बैठक में IOCL, HPCL और BPCL के क्षेत्रीय प्रबंधक (एलपीजी सेल्स), जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय, CSC के जिला नोडल अधिकारी और जिले की सभी गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए.
बैठक में हाल के दिनों में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति में आई समस्याओं पर चर्चा की गई. कंपनियों के अधिकारियों ने बताया कि होली पर्व के दौरान सप्लाई चेन में अस्थायी व्यवधान के कारण कुछ समय के लिए वितरण प्रभावित हुआ था. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में स्थिति सामान्य है और गैस की उपलब्धता बनी हुई है.
घरेलू सिलेंडर कम से कम 25 दिन पहले करे बुकिंग
प्रशासन की ओर से उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर की बुकिंग कम से कम 25 दिन पहले कर लें, ताकि समय पर डिलीवरी मिल सके. अधिकारियों के अनुसार बुकिंग के बाद सामान्य स्थिति में 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी दी जा रही है. बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि यदि किसी उपभोक्ता का सिलेंडर 25 दिन की अवधि से पहले समाप्त हो जाता है, तो उसे बिना बुकिंग के 5 किलोग्राम और 2 किलोग्राम के छोटे एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराए जा सकते हैं. इसके लिए उपभोक्ता संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर डोरस्टेप डिलीवरी की सुविधा ले सकते हैं.
प्रशासन ने एजेंसियों से छोटे सिलेंडरों की उपलब्धता की ली जानकारी
जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय ने कहा, उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए गैस कंपनियों और एजेंसियों के साथ नियमित समंवय किया जा रहा है. लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे समय से सिलेंडर बुकिंग करें, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे. बैठक के दौरान गैस एजेंसियों से छोटे सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की भी जानकारी ली गई. कंपनियों को निर्देश दिया गया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर जारी करें और उन पर कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करें. जिससे लोग फोन पर आसानी से जानकारी प्राप्त कर सकें.
जिला प्रशासन ने सिलेंडर बुकिंग से जुड़े नियमों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए SMS, बिलबोर्ड, रेडियो और अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार करने की भी बात कही. प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि गैस वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है. कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि कहीं कोई समस्या सामने आती है तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके.


