लातेहारः जिला में महुआडांड़ प्रखंड के चटकपुर गांव के रहने वाले विपुल गुप्ता ने अपने बुलंद हौसलों के बल पर इतिहास रच दिया. छोटे से सुविधाहीन गांव चटकपुर के रहने वाले विपुल गुप्ता ने यूपीएससी की कठिन परीक्षा में 103वां रैंक हासिल कर आईएएस बन गए. विपुल गुप्ता कि इस सफलता से चटकपुर गांव के अलावे पूरा लातेहार जिला उत्साहित है. विपुल के परिवार वाले काफी खुश हैं. विपुल ने अपने तीसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की है.
दरअसल लातेहार जिला के महुआडांड़ प्रखंड के छोटे से गांव चटकपुर के रहने वाले विपुल गुप्ता पढ़ाई में आरंभ से ही काफी प्रतिभावान रहे. उनकी आरंभिक पढ़ाई महुआडांड़ में ही हुई थी. विपुल का सपना था कि वह आईएएस अधिकारी बनकर समाज के लिए बेहतर कार्य करें. इसी उद्देश्य को लेकर विपुल पूर्व में भी दो बार यूपीएससी की परीक्षा दी. गत वर्ष की परीक्षा में उन्हें सफलता तो जरूर मिली, परंतु रैंक कम होने के कारण उन्हें आईएएस कैडर नहीं मिल पाया.
पिछले साल विपुल गुप्ता ने भारतीय वन सेवा की परीक्षा में ऑल इंडिया में दूसरा स्थान प्राप्त कर पूरे झारखंड का नाम रोशन कर दिया था. हालांकि उनका सपना आईएएस अधिकारी बनने का था, इसलिए उन्होंने प्रयत्न करना आरंभ रखा. इस वर्ष कड़ी मेहनत और परिश्रम से उन्हें सफलता मिल गई.

परिजनों में खुशी की लहर
विपुल गुप्ता का चयन आईएएस अधिकारी के रूप में होने की खबर सुनने के बाद उनके परिजनों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी. पिता पवन कुमार गुप्ता और माता दीपा गुप्ता ने अपने पुत्र की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि आज उनके पुत्र के कारण पूरे जिले का नाम रोशन हो गया. विपुल की इस उपलब्धि पर उनके दादा जयप्रकाश गुप्ता सहित पूरे परिवार ने मिठाई बांटकर खुशियां मनाईं.
डीसी, डीडीसी ने दी बधाई
लातेहार जैसे छोटे जिला से निकलकर आईएएस अधिकारी के रूप में चयनित होने पर विपुल गुप्ता को लातेहार डीसी उत्कर्ष गुप्ता ने बधाई दी है. उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से कठिन से कठिन कार्य भी संभव हो जाते हैं. उन्होंने सभी युवाओं को संदेश दिया कि अपने लक्ष्य को निर्धारित कर कार्य करें. लक्ष्य निर्धारित कर प्रयत्न करने वालों को सफलता जरूर मिलती है.
वहीं लातेहार डीडीसी सैय्यद रियाज अहमद (आईएएस) ने भी विपुल की सफलता पर हर्ष जताते हुए कहा कि यह काफी अच्छी बात है कि लातेहार के महुआडांड़ जैसे छोटे प्रखंड से युवा आईएएस अधिकारी बन रहे हैं. उनकी सफलता से लातेहार के अन्य युवाओं में भी नया उत्साह आएगा और आने वाले दिनों में यहां के युवा विभिन्न क्षेत्रों में अपना नाम रोशन करेंगे.
एसपी कुमार गौरव ने दी बधाई
लातेहार एसपी कुमार गौरव ने भी यूपीएससी सिविल सेवा की परीक्षा में सफल हुए विपुल गुप्ता को बधाई दी. एसपी ने कहा कि यह सभी के लिए हर्ष की बात है. उन्होंने कहा कि उनकी सफलता से लातेहार जिला में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं का हौसला बढ़ेगा और आने वाले दिनों में यहां के युवा सभी क्षेत्रों में बेहतर करेंगे.


