Tuesday, March 17, 2026

चैत्र नवरात्रि 19 मार्च से शुरू होगी, इस बार की नवरात्रि पूरे नौ दिनों की है, जिसे शास्त्रों में अत्यंत शुभ फलदायी माना गया है.

Share

 हिन्दू धर्म में शक्ति की उपासना के महापर्व ‘चैत्र नवरात्रि’ का विशेष महत्व है. वर्ष 2026 में चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ 19 मार्च, गुरुवार से होने जा रहा है. इसी दिन से हिंदू नववर्ष यानी विक्रम संवत 2083 का भी आगाज होगा. पंचांग के अनुसार, चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को कलश स्थापना के साथ ही नौ दिनों तक चलने वाले इस उत्सव की शुरुआत होगी.

कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ज्योतिषाचार्य डॉ. उमाशंकर मिश्र ने बताया कि प्रतिपदा तिथि 19 मार्च को सुबह 06:52 बजे शुरू होगी. घटस्थापना यानी कलश स्थापना के लिए सुबह का समय अत्यंत शुभ माना जा रहा है.

प्रातः काल मुहूर्त: सुबह 06:52 से 07:43 तक (कुल 50 मिनट).

अभिजीत मुहूर्त: यदि आप सुबह कलश स्थापना नहीं कर पाते हैं, तो दोपहर 12:05 से 12:53 के बीच अभिजीत मुहूर्त में पूजन करना श्रेष्ठ रहेगा.

9 दिनों का विशेष महत्व
इस बार की नवरात्रि पूरे नौ दिनों की है, जिसे शास्त्रों में अत्यंत शुभ फलदायी माना गया है. नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा की जाएगी. इसके बाद क्रमवार माँ ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कुष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री की आराधना होगी. भक्तों की आस्था के अनुसार, कई लोग पूरे नौ दिनों का उपवास रखते हैं, तो कई केवल पहले और आठवें दिन (अष्टमी) का व्रत करते हैं.

हवन, कन्या पूजन और पारण
चैत्र नवरात्रि में दुर्गा अष्टमी 26 मार्च को और महानवमी 27 मार्च को मनाई जाएगी. इन दो दिनों में कन्या पूजन का विशेष विधान है, जहाँ छोटी कन्याओं को माता का स्वरूप मानकर उन्हें भोजन कराया जाता है और उपहार भेंट किए जाते हैं. जो भक्त अष्टमी को हवन करते हैं, वे 26 मार्च को अनुष्ठान संपन्न करेंगे. वहीं, महानवमी पर हवन करने वाले श्रद्धालु 27 मार्च को पूजा पूर्ण करेंगे. नौ दिनों के कठिन व्रत का पारण 28 मार्च, शनिवार को सूर्योदय के बाद दशमी तिथि में किया जाएगा.

चैत्र नवरात्रि कैलेंडर

  • चैत्र नवरात्रि का पहला दिन 19 मार्च गुरुवार, कलश स्थापना, मां शैलपुत्री पूजा
  • चैत्र नवरात्रि का दूसरा दिन 20 मार्च शुक्रवार, मां ब्रह्मचारिणी पूजा
  • चैत्र नवरात्रि का तीसरा दिन 21 मार्च शनिवार, मां ब्रह्मचारिणी पूजा
  • चैत्र नवरात्रि का चौथा दिन 22 मार्च रविवार, मां कुष्मांडा पूजा
  • चैत्र नवरात्रि का पांचवा दिन 23 मार्च सोमवार, मां स्कंदमाता पूजा
  • चैत्र नवरात्रि का छठा दिन 24 मार्च मंंगलवार, मां कात्यायनी पूजा
  • चैत्र नवरात्रि का सातवां दिन 25 मार्च बुधवार, मां कालरात्रि पूजा
  • चैत्र नवरात्रि का आठवां दिन 26 मार्च गुरुवार, मां महागौरी पूजा
  • चैत्र नवरात्रि का नौवा दिन 27 मार्च, शुक्रवार, मां सिद्धिदात्री पूजा
  • चैत्र नवरात्रि व्रत का पारण 28 मार्च शनिवार

Read more

Local News