पूर्व मध्य रेलवे के बगहा-मुजफ्फरपुर रेल लाइन पर एनआई कार्य के कारण कई ट्रेनों के रूट में टेम्पररी बदलाव किया गया है. वंदे भारत समेत कई एक्सप्रेस ट्रेनें बदले रास्ते से चलेंगी.
बिहार के बगहा-मुजफ्फरपुर रेल लाइन पर मरम्मत और तकनीकी काम (NI Work) चल रहा है. इस वजह से बेतिया और कुमारबाग स्टेशनों के बीच ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा है और रेलवे ने वंदे भारत समेत कई बड़ी ट्रेनों का रास्ता बदल दिया है.
वंदे भारत और अन्य ट्रेनों का बदला रास्ता
रेलवे ने बताया कि गोरखपुर से पटना जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस अब अपने पुराने रास्ते से नहीं जाएगी. यह ट्रेन 15 फरवरी से 17 फरवरी तक नरकटियागंज से सिकटा होते हुए रक्सौल पहुंचेगी, फिर रामगढ़वा होकर सुगौली आएगी और वहां से अपने मेन रूट पर लौटेगी.
सिर्फ वंदे भारत ही नहीं, बल्कि सप्तक्रांति, सत्याग्रह, चंपारण हमसफर, जननायक एक्सप्रेस और देहरादून स्पेशल जैसी दर्जनों ट्रेनों को रक्सौल के रास्ते चलाने का फैसला लिया गया है. ऐसे में अगर आपकी ट्रेन इस रूट पर है, तो स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस जरूर चेक कर लें.
होली स्पेशल ट्रेनों की बहार
नई दिल्ली से बरौनी के लिए ट्रेन संख्या (04054/04053) 20 फरवरी से 6 मार्च तक हर दिन चलेगी. यह ट्रेन दिल्ली से शाम 7:50 बजे निकलेगी और अगले दिन रात 10 बजे बरौनी पहुंचेगी. इसी तरह, सुपौल के लिए ट्रेन संख्या 04060/04059 भी 20 फरवरी से शुरू होगी, जो हाजीपुर के रास्ते तीसरे दिन सुबह 4 बजे लास्ट स्टेशन परपहुंचेगी.
सीतामढ़ी और लौकहा बाजार के लिए भी ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है. दिल्ली-सीतामढ़ी स्पेशल (04010/04009) 26 फरवरी और 5 मार्च को दिल्ली से चलेगी, जबकि वापसी में यह 27 फरवरी और 6 मार्च को सीतामढ़ी से रवाना होगी.
आनंद विहार से लौकहा बाजार के लिए स्पेशल ट्रेन (04014/04013) 27 फरवरी और 6 मार्च को संचालित की जाएगी, जिसकी वापसी 28 फरवरी और 7 मार्च को लौकहा बाजार से होगी. इन ट्रेनों के चलने से उन प्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी जो होली के मौके पर अपने घर जाने की योजना बना रहे हैं.
अमृतसर-जयनगर हमसफर का बढ़ा समय
जयनगर और अमृतसर के बीच चलने वाली हमसफर क्लोन एक्सप्रेस (04651/04652) के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. रेलवे ने इसकी अवधि बढ़ा दी है. अब यह ट्रेन 1 मार्च से 31 मार्च तक चलाई जाएगी.


