Sunday, April 26, 2026

 बिहार लोक सेवा आयोग BPSC ने पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य में सबसे अधिक अभ्यर्थियों की नियुक्ति की है।

Share

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) सहित राज्य के पांच चयन आयोगों ने वित्तीय वर्ष 2021-22 से सितंबर 2025 तक 6 लाख से अधिक पदों के लिए आवेदन मांगे। इस अवधि में कुल 4.27 लाख से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया गया। BPSC ने सर्वाधिक 3.37 लाख से अधिक नियुक्तियां कीं, जिनमें अधिकांश शिक्षक थे। यह आंकड़ा बिहार में सरकारी भर्तियों का सबसे बड़ा रिकॉर्ड दर्शाता है।

पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य में सबसे अधिक अभ्यर्थियों की नियुक्ति की है।

बिहार आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार वित्तीय वर्ष 2021-22 से लेकर सितंबर, 2025 तक चार लाख 94 हजार 249 पदों के लिए आवेदन मांगे गए, इसमें से तीन लाख 37 हजार 909 पदों के लिए चयनित हुए।

2023-24 में सबसे अधिक चार लाख 29 हजार 15 पदों के लिए आवेदन मांगे गए थे। जिसमें दो लाख 23 हजार 153 को उसी वर्ष तथा शेष का अगले वर्ष चयन हुआ।

इसमें अधिसंख्य नियुक्ति शिक्षक अभ्यर्थियों की थी। इसी अवधि में बिहार राज्य कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) ने 20 हजार 499 पदों के लिए आवेदन मांगे और सितंबर, 2025 तक 18 हजार 249 अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया।

बीएसएससी ने 2024-25 में एक भी पद के लिए आवेदन नहीं मांगा था। बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) ने इसी अवधि में 44 हजार 831 पदों के लिए आवेदन मांगे, इसमें 29 हजार 217 अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया गया।

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने साढ़े चार वर्षों में छह हजार 486 पदाें के लिए आवेदन मांगे और सभी पदों के लिए परिणाम घोषित कर दिया गया है।

केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) वित्तीय वर्ष 2022-23 से सितंबर, 2025 तक 35 हजार 838 पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे और सभी पदों के लिए परिणाम जारी किया जा चुका है।

बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (BSUSC) ने विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक के 46 सौ से अधिक पदों के लिए 2020 में आवेदन मांगे थे।

इसमें से 3300 से अधिक पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कोर्ट कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण कई पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। इसके परिणाम 2021 से जारी किए जा रहे हैं।

सबसे अधिक बने शिक्षक 

कुल नियुक्तियों में आधे से अधिक विभिन्न श्रेणियों में शिक्षक के पदों के लिए आवेदन मांगे गए और नियुक्ति हुई। बीपीएससी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ शिक्षकों की भी नियुक्ति प्रक्रिया को भी संपन्न करा रहा है।

बिहार कर्मचारी चयन आयोग विभिन्न विभागों में सहायक की नियुक्ति की प्रक्रिया को संपन्न कराता है। इस पर तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की नियुक्ति की जिम्मेवारी है।

बिहार तकनीकी सेवा आयोग (बीटीएससी) स्वास्थ्य, विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के विभिन्न तकनीकी पदों के लिए प्रक्रिया संपन्न कराता है।

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) अवर निरीक्षक (दारोगा) के पदों पर तथा केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) विभिन्न विभागों में सिपाही के पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया संचालित करती है।

  • राज्य के पांच चयन आयोगों ने वित्तीय वर्ष 2021-22 से सितंबर, 2025 तक छह लाख एक हजार 903 पदों के लिए मांगे आवेदन
  • बीपीएससी ने सबसे अधिक चार लाख 94 हजार 249 पदों के लिए मांगे आवेदन, तीन लाख 37 हजार 909 को मिली नियुक्ति
  • 2023-24 में सबसे अधिक पदों के लिए मांगे गए आवेदन, 2024-25 में सीएसबीसी व बीएसएसससी ने किसी पद के लिए नहीं मांगे आवेदन
  • सितंबर, 2025 के बाद सीएसबीसी (सिपाही भर्ती) 24 हजार 199 पदों के लिए आवेदन मांगा है, भर्ती की प्रक्रिया चल रही है
आयोगपदों की संख्याभर्ती प्रक्रिया पूरी
बीपीएससी4,94,2493,37,909
बीएसएससी20,49918,249
बीटीएससी44,83129,217
बीपीएसएससी6,4866,486
सीएसबीसी (सिपाही भर्ती)35,83835,838
कुल6,01,9034,27,699

Read more

Local News