गिरिडीह: झारखंड से विदेश जाने वाले श्रमिक एक के बाद एक वीडियो जारी कर वतन वापस लाने की गुहार लगा रहे हैं. इस बार दुबई से एक वीडियो जारी कर श्रमिकों ने वतन वापस लाने की गुहार लगायी है. इस बार जिन 14 श्रमिकों ने वतन वापस लाने की गुहार लगायी है वे गिरिडीह, हजारीबाग और बोकारो के रहने वाले हैं.
तीन जिले के मजदूर हैं शामिल
दुबई से वतन वापसी की गुहार लगाने वाले श्रमिकों में गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र के चिचाकी से रौशन कुमार और अजय कुमार, बगोदर थाना क्षेत्र के तिरला निवासी राजेश महतो, मंडरो थाना क्षेत्र के डुमरडेली से अजय कुमार. बोकारो जिले के पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के कंजकिरो से डालेश्वर महतो. वहीं हजारीबाग जिले के बिष्णुगढ़ थाना अंतर्गत खेदाडीह के जागेश्वर महतो और फालेंद्र महतो, सिरैय के बैजनाथ महतो, पारजोरिया के दिलीप महतो, गंगाधर महतो और त्रिलोकी महतो, चकचुको बसरिया के दीपक कुमार, गोरहर थाना अंतर्गत गोरहर के रोहित महतो और सेवा महतो शामिल हैं
पांच माह पहले गए थे दुबई
दुबई में फंसे सभी मजदूर अक्टूबर 2025 में ट्रांसमिशन लाइन में काम करने के लिए गए थे. इन मजदूरों का कहना है कि उनलोगों को पिछले तीन महीने से ठीक से वेतन नहीं मिला है. श्रमिकों का यह भी कहना है कि इन्हें भोजन सही से नहीं मिल रहा है और तय समय से अधिक काम करवाया जाता है. इधर मामले को लेकर सरिया-बगोदर के एसडीएम संतोष गुप्ता ने कहा कि अभी वे दुबई के मामले की जानकारी ले रहे हैं. विस्तृत जानकारी लेने के बाद ही इस विषय पर जानकारी दी जा सकेगी.


