Thursday, April 30, 2026

बिहार कैडर के दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं।

Share

 बिहार कैडर के दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी, दलजीत सिंह (सीआईडी आईजी) और राजीव मिश्रा (एटीएस डीआईजी), केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं। दलजीत सिंह सीमा सुरक्षा बल (BSF) में आईजी और राजीव मिश्रा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में डीआईजी के रूप में कार्यभार संभालेंगे। गृह विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है

पटना। बिहार कैडर के दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं। इनमें अपराध अनुसंधान विभाग (सीआइडी) के आईजी दलजीत सिंह और आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) के डीआईजी राजीव मिश्रा शामिल हैं।

गृह विभाग ने शुक्रवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। विभागीय जानकारी के अनुसार, 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी दलजीत सिंह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान सीमा सुरक्षा बल (BSF) के आइजी के रूप में योगदान देंगे।

वहीं 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव मिश्रा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में डीआईजी के पद पर योगदान देंगे।

गृह विभाग ने दोनों पुलिस अफसरों की विरमित करते हुए उनकी सेवाएं गृह मंत्रालय, भारत सरकार को सौंप दी हैं। इसके पूर्व इसी माह 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी एवं एसटीएफ के आइजी विनय कुमार भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए थे।

उन्होंने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के आइजी के पद पर योगदान दिया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभी बिहार कैडर के तीन-चार और आइपीएस अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा सकते हैं।

गृह विभाग में अपर मुख्य सचिव ने की जनसुनवाई

गृह विभाग में शुक्रवार को अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी की अध्यक्षता में जनसुनवाई का आयोजन हुआ। सरदार पटेल भवन स्‍थ‍ित पुलिस मुख्यालय में अपराह्न तीन से पांच बजे तक आयोजित जनसुनवाई में लोग अपनी शिकायत लेकर पहुंचे।

अरविंद चौधरी ने सभी मामलों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा। गृह विभाग में सबका सम्मान-जीवन आसान योजना के तहत सोमवार को दिन में 11 से एक बजे तथा शुक्रवार को अपराह्न तीन से पांच बजे तक दो दिन जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है।

विभाग के अपर मुख्य सचिव, सचिव और विशेष सचिव फरियादियों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुनकर प्रभावी निष्पादन हेतु दिशा निर्देश देते हैं।

Read more

Local News