भारत और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच शनिवार को केरल में टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच खेला जाएगा. इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. दोनों टीमें कल गुरुवार को स्पेशल चार्टर्ड प्लेन से यहां पहुंची थीं. जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम 7 बजे ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में यह मैच होगा.
वहीं, आखिरी टी20 मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम शुक्रवार को श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर पहुंची और भगवान का आशीर्वाद लिया. केरल के पारंपरिक कपड़े मुंडू और मेलमुंडू पहने, कैप्टन सूर्यकुमार यादव, कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और रिंकू सिंह समेत कई खिलाड़ी सुबह 9:00 बजे मंदिर पहुंचे. टीम ने मंदिर परिसर में करीब आधा घंटा बिताया, पूजा की और ‘प्रसाद’ लिया. भारी पुलिस सुरक्षा के बीच टीम इंडिया होटल वापस लौट आई. इस मौके पर भारतीय टीम की एक झलक पाने को फैंस की भारी भीड़ जमा हो गई.
गुरुवार को जब टीम एयरपोर्ट पहुंची तो वहां पर भारतीय टीम के प्रशंसकों की भीड़ जमा थी. यहां के लोकल हीरो संजू सैमनसन की मौजूदगी ने एक अलग तरह का रोमांच पैदा कर दिया था. केरल का यह शहर एक तरफ जहां इंटरनेशनल क्रिकेट के आयोजन का जश्न मना रहा है, वहीं, दूसरी तरफ सबकी नजरें खास तौर पर संजू सैमसन पर टिकी हैं. संजू सैमसन, जिनके लिए यह होम-ग्राउंड मैच उनके करियर का एक अहम मोड़ रखता है. चौथे T20 की बात करें तो अच्छी शुरुआत के बावजूद, सैमसन 15 गेंदों पर 24 रन बनाकर मिचेल सेंटनर की गेंद पर आउट हो गए. इसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल है. इस सीरीज में अभी तक संजू कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं. चार मैचों में सिर्फ 40 रन ही बना सके.
पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर समेत दूसरे खिलाड़ियों ने सैमसन के हालिया आउट होने में तकनीकी कमियों की ओर इशारा किया है. खासकर खराब फुटवर्क और ऑफ-साइड में जगह बनाने की कोशिश में अपने स्टंप्स को बाहर निकालने की आदत पर जोर दिया है. घरेलू दर्शकों के सामने आलोचकों को चुप कराने का संजू पर दबाव देखने को मिल सकता है. वहीं, चौथे टी20 मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को करारी शिकस्त दी. गुवाहाटी में खेले गए मैच में न्यूजीलैंड ने अच्छा प्रदर्शन किया. वहीं, भारतीय टीम ने निराशाजनक खेल दिखाया.
पांच मैचों की इस सीरीज में भारत 3-1 से आगे है. देखना होगा कि शनिवार को खेले जाने वाले मैच में कौन सिकंदर बनता है.


