होली पर प्रवासी बिहारियों के लिए 200 विशेष बसें चलेंगी। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम 15 फरवरी से 15 मार्च तक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए बसें चलाएगा। टिकट बुकिंग 1 फरवरी से शुरू होगी, जिसमें ऑनलाइन भुगतान की सुविधा होगी। इन बसों से यात्रियों को सुरक्षित और किफायती यात्रा मिलेगी, साथ ही राज्य सरकार विशेष छूट भी देगी।
पटना। होली पर प्रवासी बिहारियों के सुरक्षित एवं किफायती आवागमन के लिए करीब 200 बसें चलाई जाएंगी। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) 15 फरवरी से 15 मार्च तक बसों का संचालन करेगा। यह विशेष बसें दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के प्रमुख रूटों पर चलेंगी।
इनका संचालन पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर किया जाएगा। इनमें एसी डीलक्स और नॉन-एसी डीलक्स श्रेणी की बसें शामिल हैं, जिनमें 50-60 सीटों की क्षमता होगी। इनके लिए टिकट बुकिंग की शुरुआत एक फरवरी से हो जाएगी।
परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि त्योहारों पर ट्रेनों में काफी भीड़ होती है, ऐसे में प्रवासी बिहारियों के लिए होली के अवसर पर विशेष व्यवस्था के तहत अंतरराज्यीय बसें संचालित की जा रही हैं। इन बसों के माध्यम से यात्री आसानी से अपने घर पहुंच सकेंगे। यात्रियों को सुविधा देने के लिए राज्य सरकार इन बसों पर विशेष छूट भी प्रदान करेगी। विभाग अभी रूट निर्धारण और किराये पर काम कर रहा है।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा:
यात्री बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट (https://bsrtc.bihar.gov.in/) पर जाकर आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं। भुगतान के लिए यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
निगम यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए चिन्हित बस पड़ावों पर स्त्री-पुरुष दोनों के लिए स्वच्छ शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
दशहरा-छठ पर चली थीं 220 बसें:
बीएसआरटीसी ने पिछले साल भी दशहरे से छठ के बीच 20 सितंबर से 19 नवंबर 2025 तक 220 अंतरराज्यीय बसों का संचालन किया गया था।
विभाग के अनुसार, इनसे करीब 2.50 लाख यात्रियों को लाभ मिला था। इस दौरान औसत प्रतिदिन 107 बसें एक तरफ चलाई गईं, जिनमें 81 प्रतिशत सीटें भरी रहीं और आठ हजार से अधिक टिकट आनलाइन बुक हुए थे।


