बिहार में बर्फीली पछुआ हवा के कारण सुबह-शाम कनकनी बनी रहेगी। पटना सहित दक्षिणी भागों में धूप से आंशिक राहत मिलेगी, जबकि उत्तरी जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। सबौर में न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 15 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरी भागों में घना कोहरा बढ़ सकता है।
पटना। बिहार के मौसम में बदलाव आने के साथ बर्फीली पछुआ हवा के कारण धूप निकलने के साथ सुबह-शाम कनकनी का प्रभाव बना रहेगा। पटना सहित दक्षिणी भागों में मौसम शुष्क होने के साथ धूप निकलने से लोगों को आंशिक तौर पर राहत मिलेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार उत्तरी भागों के ज्यादातर जिलों में घना कोहरा एवं पटना सहित अन्य भागों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहने की संभावना है। तापमान में पांच दिनों के दौरान विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
मंगलवार को भागलपुर के सबौर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, पटना का न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। चार सौ मीटर सबसे कम दृश्यता पूर्णिया में दर्ज किया गया। राज्य का न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस से 11.4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
पटना का अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस एवं 25.6 डिग्री सेल्सियस किशनगंज में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मंगलवार को पटना सहित 16 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
राज्य के 18 जिलों के पूर्वी व पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मंगलवार को पटना सहित आसपास इलाकों में सुबह में हल्के कोहरा छाए रहने के साथ धूप निकलने के बाद लोगों को ठिठुरन से राहत मिली।
न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे रहने से लोगों को कनकनी महसूस होगी। बक्सर, डेहरी, औरंगाबाद, गया, भागलपुर, वाल्मीकि नगर, सिवान के जीरादेई, छपरा, समस्तीपुर, मधुबनी में नौ डिग्री सेल्सियस से नीचे न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
15 जनवरी की रात से हिमालय क्षेत्रों को पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित करेगी। इस कारण उत्तरी भागों के सटे भागों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम (डिग्री सेल्सियस) | न्यूनतम (डिग्री सेल्सियस) |
|---|---|---|
| गयाजी | 22.0 | 7.5 |
| भागलपुर | 21.8 | 8.1 |
| पटना | 21.7 | 10.9 |
| मुजफ्फरपुर | 20.6 | 10.2 |


