तेज प्रताप यादव पटना में लालू-राबड़ी आवास पहुंचे और अपने माता-पिता लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी तथा छोटे भाई तेजस्वी यादव से मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि वे मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाले दही-चूड़ा भोज का निमंत्रण देने गए थे। इस मुलाकात ने बिहार की सियासत में हलचल मचा दी है, हालांकि तेज प्रताप ने इसे पारिवारिक बताया।
पटना। बिहार की सियासत में कब-क्या हो जाए कहा नहीं जा सकता। अपने परिवार से अलग किए जा चुके तेज प्रताप यादव मंगलवार को पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित लालू-राबड़ी आवास पहुंचे। यहां उन्होंने माता-पिता और छोटे भाई तेजस्वी यादव से मुलाकात की। इस मुलाकात की जानकारी खुद तेज प्रताप ने सोशल मीडिया के जरिए शेयर की।
तेज प्रताप ने माता राबड़ी देवी, पिता लालू प्रसाद यादव और भाई तेजस्वी यादव के साथ फोटो भी फेसबुक पर शेयर की। तेजप्रताप की अपने परिवार के साथ इस मुलाकात को लेकर सियासी गलियारों में कई मायने निकाले जा रहे हैं।
हालांकि, तेज प्रताप ने साफ कर दिया है कि वो मकर संक्रांति के अवसर पर दही-चूड़ा भोज का निमंत्रण देने गए गए थे।
तेज प्रताप यादव ने फेसबकु पर लिखा- आज अपने पिताजी आदरणीय लालू प्रसाद यादव जी, माता जी आदरणीय राबड़ी देवी जी से 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास पहुंचकर मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया और अपने छोटे भाई और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी से भी भेंट मुलाकात कर कल 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाले “ऐतिहासिक दही -चूड़ा भोज” कार्यक्रम हेतु निमंत्रण पत्र देकर आमंत्रित किया। साथ ही आज अपनी प्यारी भतीजी कात्यायनी को गोद में खिलाने का अद्भुत पल भी प्राप्त हुआ।

आपको बता दें कि अनुष्का यादव प्रकरण के बाद लालू प्रसाद यादव ने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से बेदखल कर दिया था। तेज प्रताप को राजद से छह साल के लिए निष्कासित किया था।
लालू की कार्रवाई के बाद तेज प्रताप ने अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल बनाई। हालांकि, वो 2025 के विधानसभा चुनाव में महुआ से लड़े और हार गए। वहीं, अब वह अपने परिवार को दही-चूड़ा भोज का निमंत्रण देने के लिए पहुंचे।


