रानी मुखर्जी ने आज 12 जनवरी को इंडियन सिनेमा में अपने तीन दशक पूरे कर लिए हैं. साल 1996 में रानी ने फिल्मों में कदम रखा था और उनका सफर आज भी जारी है. इस मौके पर आज उनकी क्राइम एक्शन फिल्म मर्दानी 3 का धांसू और रोंगटे खड़े कर देने वाला ट्रेलर रिलीज हुआ है. रानी मुखर्जी एक बार फिर अपने शिवानी शिवाजी रॉय वाले कड़क पुलिस इंस्पेक्टर के रोल में नजर आ रही हैं. मर्दानी 3 का ट्रेलर दर्शकों को बेचैन करने वाला है. रानी ने एक बार फिर अपने अभिनय से अपने फैंस को चौंका दिया है.
ट्रेलर देख कांप उठेगी रूह
मर्दानी 3 का ट्रेलर तकरीबन सवा तीन मिनट का है, जिसकी शुरुआत ही डराने वाली है. एक बच्ची अपने दोस्तों संग हाइड एंड सीक खेलती हैं कि इतने में उसका अपहरण हो जाता है. फिर स्क्रीन पर एक लाइन लिखी आती है कि हर हफ्ते देश की कई बच्चियों लापता हो रही हैं. फिर कहानी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से शुरू होती है, जहां से दो छोटी बच्चियां खेलते समय किडनैप हो गईं.
इसके बाद रानी मुखर्जी की खाकी वर्दी में एंट्री होती है और इस बार वह एनआईए में नई जिम्मेदारी के साथ आई हैं. रानी को बताया जाता है कि केस बहुत अर्जेंट हैं और इसमें उन्हें कोई छुट्टी नहीं मिलेगी. ट्रेलर में आगे रानी अपने मिशन की शुरुआत करती हैं और पिछले तीन महीने में कितनी बच्चियां देश से गायब हुई हैं, उसकी लिस्ट मांगती हैं. इसके बाद ट्रेलर में बच्ची को अगवा करने वाली अम्मा से रानी का सामना आता है और यह देखने को मिलता है कि देश से कैसे और क्यों बच्चियां गायब हो रही हैं. ट्रेलर में अपहरण बच्चियों संग हो रहे बर्ताव वाले सीन दिल दहला देने वाले हैं.
रानी मुखर्जी के होम प्रोडक्शन यशराज बैनर तले बनी फिल्म के निर्माता आदित्य चोपड़ा और को-निर्माता अक्षय विद्यवानी हैं. फिल्म का स्क्रीनप्ले और डायलॉग आयुष गुप्ता ने लिखे हैं. फिल्म आगामी 30 जनवरी को रिलीज होने जा रही है. बता दें, सच्ची घटना पर आधारित इस फिल्म को अभिराज मीनावाला ने डायरेक्ट किया है. फिल्म का पहला पार्ट मर्दानी साल 2014 में रिलीज हुआ था, जिसे प्रदीप सरकार ने डायरेक्ट किया था. वहीं, फिल्म का दूसरा पार्ट 5 साल बाद 2019 में रिलीज हुआ था, जिसके डायरेक्टर गोपी पुथरन थे. फिल्म के दोनों ही पार्ट दर्शकों को खूब भाए थे और अब ट्रेलर देखकर लगता है कि फिल्म का तीसरा पार्ट और भी ज्यादा दमदार होने जा रहा है.


