Saturday, May 2, 2026

भाजपा ने बिहार में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन किया, जिसमें लाखों कार्यकर्ता और लोग शिवालयों में दीप प्रज्वलन और ओंकार जप के लिए पहुंचे।

Share

भाजपा ने बिहार में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन किया, जिसमें लाखों कार्यकर्ता और लोग शिवालयों में दीप प्रज्वलन और ओंकार जप के लिए पहुंचे। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने लोगों से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया। यह पर्व सोमनाथ पर हुए आक्रमण के 1000 वर्ष पूरे होने पर इतिहास, आस्था और आत्मसम्मान को स्मरण करने के लिए 11 जनवरी तक मनाया जा रहा है

पटना। भाजपा की ओर से शनिवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के मौके पर जिला मुख्यालयों, प्रखंड मुख्यालयों से लेकर पंचायत एवं गांव-गांव तक के शिवालयों में दीप प्रज्वलन ओंकार जप का आयोजन किया गया। इस मौके पर लाखों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं लोग शिवालयों में पहुंचे।

वहीं, ‎बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने बिहार के लोगों से आग्रह किया है कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और सबको प्रोत्साहित भी करें। प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ के सानिध्य में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में शामिल होकर इस दिव्य उत्सव का हिस्सा बनें।‎‎

उन्होंने कहा कि सोमनाथ पर हुए आक्रमण के 1000 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नया भारत सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-2026 के माध्यम से अपने इतिहास, आस्था एवं आत्मसम्मान को स्मरण करते हुए आगे बढ़ने का संकल्प ले रहा है।

विदित हो कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 11 जनवरी तक आयोजित किया जा रहा है। यह पर्व भारत के उन असंख्य नागरिकों की स्मृति में मनाया जा रहा है, जिन्होंने मंदिर की रक्षा के लिए बलिदान दिया और जो आने वाली पीढ़ियों की सांस्कृतिक चेतना को प्रेरित करते रहेंगे।

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को लेकर वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश पदाधिकारियों और जिले के पदाधिकारियों के साथ बैठक की और इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कहा कि शिवालयों में लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो, इसका खास ख्याल रखा जाए।

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर खाजपुरा शिव मंदिर में मना दीपोत्सव

पटना के खाजपुरा स्थित शिव मंदिर परिसर में शनिवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया और विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस दौरान मंदिर परिसर में 1000 दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों से जय सोमनाथ लिखकर आस्था का संदेश दिया गया। दीपोत्सव का आयोजन श्री श्री महाशिवरात्रि महोत्सव शोभा यात्रा अभिनंदन समिति द्वारा किया गया। इसका उदेश्य सनातन संस्कृति, एकता और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करना था।

उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बार-बार आक्रमणों के बावजूद सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण हुआ है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का कार्य करता हैं। भाजपा संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक जागरण का पर्व है, जो समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देता है।

वहीं, समिति के संरक्षक सह विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने कहा कि यह पर्व हमारी सांस्कृतिक चेतना, आस्था और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है।

पंचरूपी हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं ने किया पूजन

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर राजवंशी नगर स्थित पंचरूपी हनुमान मंदिर स्थित शिव मंदिर में 101 दीपक प्रज्ज्वलित कर उत्सव मनाया। मंदिर प्रबंध न्यास समिति के अध्यक्ष राजीव रंजन व अन्य श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर शिव का पूजन किया। मौके पर मंदिर के पुजारी संतोष तिवारी, शिवकांत झा, आलोक कुमार आदि मौजूद रहे।

Table of contents [hide]

Read more

Local News