बिहार में ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी है, जिससे 15 जिलों में ‘कोल्ड डे’ जैसे हालात बन गए हैं। पटना समेत कई शहरों में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई है और लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना (Bihar Weather Forecast) जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पटना। घने कोहरे के साथ बर्फीली पछुआ हवा के प्रवाह से कनकनी बढ़ गई है। पटना सहित अधिसंख्य जिलों में इसका व्यापक असर तीसरे दिन शनिवार को भी रहा। घने कोहरे के कारण बीते तीन दिनों से धूप नहीं निकलने से अधिकतम तापमान में तेजी से गिरावट आई है। इससे दिन में कनकनी का प्रभाव बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार (Bihar Weather Today) को प्रदेश के 15 जिलों में अत्यंत घना कोहरा छाए रहने के साथ कोल्ड डे (शीत दिवस) जैसे हालात बने रहने की संभावना है। उत्तरी भागों में घना कोहरे के साथ दक्षिणी भाग में कनकनी लोगों को परेशान करेगी
उत्तर बिहार की तुलना में पटना सहित दक्षिण भागों में कोहरे का प्रभाव कम रहेगा। हालांकि, मौसम में चार दिनों बाद सुधार के आसार हैं। राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री गिरावट के साथ 16.6 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री वृद्धि के साथ 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश का अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस के साथ किशनगंज में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। राजधानी के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में चार डिग्री की अंतर दर्ज किया गया। राज्य में 12.0 डिग्री सेल्सियस के साथ भागलपुर (सबौर), डेहरी (रोहतास) का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
कोहरे ने थामा यातायात
शनिवार को कोहरे के कारण आम जनजीवन प्रभावित रहा। कोहरे के कारण 24 विमान विलंबित रहे। इसमें नौ दिल्ली से आने वाली और 15 दिल्ली जाने वाली फ्लाइट प्रभावित रही। दिल्ली से आने व जाने वाली एअर इंडिया की पहली फ्लाइट शनिवार को रद रही।
विमान 30 मिनट से तीन घंटे तक विलंबित रहे। वहीं, पटना जंक्शन से होकर जाने अलग-अलग स्टेशनों की ओर जाने वाली दो दर्जन ट्रेनें भी विलंबित रहीं। कई ट्रेनें आधे घंटे से 11 घंटे तक विलंबित रहीं।
इन जिलों में कनकनी का प्रभाव
राज्य के पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, गया में घना कोहरे के साथ कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी, जबकि, पटना सहित अन्य जिलों में बर्फीली पछुआ हवा के कारण कनकनी का प्रभाव बना रहेगा।
राज्य में सबसे कम दृश्यता दो सौ मीटर वाल्मीकि नगर (पश्चिम चंपारण) में दर्ज किया गया। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजधानी का तापमान राज्य के अन्य शहरों की तुलना में कम रहा।
शनिवार को शिमला का अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस एवं जम्मू का 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को पटना सहित अधिकतर जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को पटना सहित कई जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम (डिग्री सेल्सियस) | न्यूनतम (डिग्री सेल्सियस) |
|---|---|---|
| गया | 18.4 | 15.4 |
| भागलपुर | 17.0 | 13.3 |
| पटना | 16.6 | 12.8 |
| मुजफ्फरपुर | 15.2 | 14.0 |


