Monday, May 4, 2026

पटना एयरपोर्ट पर इंडिगो की 24 फ्लाइटें मंगलवार को रद कर दी गईं.

Share

पटना एयरपोर्ट पर इंडिगो की 24 फ्लाइटें मंगलवार को रद कर दी गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली जाने वाली उड़ानों का किराया बढ़कर 25 हजार तक पहुँच गया है। फ्लाइटें रद होने के कारण यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था करने में कठिनाई हो रही है

पटना। जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, पटना से मंगलवार को आने-जाने वाली 24 फ्लाइट रद रहेंगी। यह सभी फ्लाइट इंडिगो की हैं, जिसकी सेवाएं तीन दिसंबर से प्रभावित हैं। रद उड़ानों में 12 फ्लाइट जाने और 12 फ्लाइट आने वाली थीं।

इनमें सबसे अधिक पटना एयरपोर्ट से रवाना होने वाली हैदराबाद की चार जोड़ी फ्लाइट शामिल हैं। दिल्ली की तीन, बेंगलुरु की दो, चेन्नई की एक, गाजियाबाद की एक व कोलकाता की एक जोड़ी सेवा भी बंद रहेंगी।

पटना एयरपोर्ट से हैदराबाद जाने वाली सुबह 11:05 बजे, शाम 6:53 बजे, रात 9:05 बजे व रात 11:25 बजे की फ्लाइट रद रहेगी। इसी प्रकार दिल्ली जाने वाली सुबह 8:30 बजे, रात 8:15 बजे व रात 11:10 बजे की फ्लाइट रद रहने की सूचना है।

बेंगलुरु जाने वाली रात 8:25 बजे व रात 11:25 बजे की फ्लाइट, कोलकाता जाने वाली सुबह 9:25 बजे की फ्लाइट, गाजियाबाद जाने वाली दोपहर 1:25 बजे की फ्लाइट तथा चेन्नई जाने वाली रात 11:20 बजे की फ्लाइट रद रहेगी।

तय से अधिक रकम वसूल रहीं एयरलाइंस कंपनियां

राज्यों की दूरी के आधार पर हवाई किराये की सीमा तय किए जाने के बावजूद एयरलाइंस कंपनियां इससे अधिक रकम वसूल रही हैं। मंगलवार को पटना से दिल्ली तक की उड़ान के लिए 20 से 25 हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं। इसी तरह पटना–मुंबई मार्ग पर स्पाइसजेट 28 हजार रुपये ले रही है।

पटना से कोलकाता की इंडिगो फ्लाइट में 14 हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं। स्पाइसजेट द्वारा पटना–हैदराबाद मार्ग पर 24 हजार रुपये तक किराया लिया जा रहा है, जबकि सरकारी दर 15 हजार रुपये है। वहीं, पटना से बेंगलुरु की उड़ान के लिए स्पाइसजेट 26 हजार रुपये तक वसूल रही है, जबकि इस रूट के लिए निर्धारित किराया 18 हजार रुपये है।

Read more

Local News