Friday, May 8, 2026

अररिया में एफएसटी और एसएसटी की छापेमारी में 35.20 लाख नगद बरामद किया गया.

Share

अररिया: बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गठित फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (एफएसटी) और स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) ने सोमवार रात बड़ी कार्रवाई की. अररिया के फारबिसगंज थाना क्षेत्र के सदर रोड स्थित एक होटल परिसर में बने मार्केट के दो प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर कुल 35 लाख 20 हजार रुपये किए गए. यह राशि चुनावी अनियमितताओं से जुड़ी होने की आशंका जताई जा रही है.

प्रशासन को मिली गुप्त सूचना: फारबिसगंज प्रशासन को खुफिया सूचना मिली थी कि इन प्रतिष्ठानों के जरिए चुनावी उद्देश्यों के लिए बड़े पैमाने पर नकदी का लेन-देन हो रहा है. आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण ऐसी किसी भी बड़ी राशि का आदान-प्रदान पूरी तरह वर्जित है. सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई की गई.

अधिकारियों के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी: फारबिसगंज अनुमंडल पदाधिकारी रंजीत कुमार रंजन और एसडीपीओ मुकेश कुमार साह के नेतृत्व में एसएसटी टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से छापेमारी की. दो साइबर कैफे से यह नकदी बरामद हुई. रात के समय अचानक पहुंची टीम ने पूरे परिसर को घेर लिया, जिससे आसपास हड़कंप मच गया.

बरामद राशि आयकर विभाग को सौंपी: एसडीओ रंजीत कुमार रंजन ने बताया कि बरामद 35.20 लाख रुपये को आयकर विभाग के हवाले किया जा रहा है. राशि के स्रोत और उपयोग की गहन जांच होगी. उन्होंने कहा कि यह पैसा चुनावी प्रयोजन के लिए लाया गया था या किसी अन्य अवैध गतिविधि से जुड़ा है, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा.

“बरामद की गई राशि को आयकर विभाग के हवाले किया जा रहा है, ताकि उसके स्रोत और उपयोग की जांच की जा सके. जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.”– रंजीत कुमार रंजन, एसडीओ

raid in Araria

पुलिस बल की भारी तैनाती: छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और बल मौके पर तैनात रहे. होटल परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए. किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए टीम पूरी तरह सतर्क थी.

चुनावी पारदर्शिता पर जोर:फारबिसगंज विधानसभा क्षेत्र में पहली बार इतनी बड़ी नकदी की बरामदगी हुई है, जिससे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं. राजनीतिक दलों और स्थानीय लोगों के बीच इस कार्रवाई को लेकर उत्सुकता बनी हुई है. यह कार्रवाई बिहार चुनाव में पारदर्शिता बनाए रखने के प्रयासों का हिस्सा है. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आचार संहिता उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. आगे की जांच से कई राज खुल सकते हैं.

Read more

Local News