कार निर्माता कंपनी Hyundai Motor India ने अपनी बहुप्रतीक्षित दूसरी जनरेशन की Hyundai Venue को लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इस एसयूवी को 7.90 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर उतारा है. इस नई सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी के डिजाइन को पिछले मॉडल से काफी अलग रखा गया है.
इसके साथ ही कंपनी ने इसके आकार को भी बड़ा किया है और इसमें पहले से कहीं ज़्यादा तकनीकी फ़ीचर्स शामिल किए गए हैं. नई Hyundai Venue अपने पिछले मॉडल के मुकाबले 30mm चौड़ी, 48mm ऊंची और 20mm ज़्यादा लंबे व्हीलबेस के साथ आती है.

2025 Hyundai Venue का डिजाइन
नई Venue के साइड प्रोफाइल की बात करें तो इसमें बड़ा ग्लासहाउस और ज़्यादा उभरे हुए व्हील आर्च दिए गए हैं. इस कार के स्टैंडर्ड वेरिएंट में SUV के लुक को निखारने के लिए निचले दरवाज़ों और व्हील आर्च पर ब्लैक क्लैडिंग का इस्तेमाल किया गया है. वहीं इसके N-Line वर्जन के दरवाज़ों पर कम क्लैडिंग दी गई है और व्हील आर्च क्लैडिंग को पूरी तरह से हटा दिया गया है.
इसके अलावा, इस वर्जन के स्पोर्टी लुक को बढ़ाने के लिए कार की निचली बॉडी पर रेड कलर के एक्सेंट भी दिए गए हैं. पूरी तरह से लोडेड डिज़ाइन में, स्टैंडर्ड Hyundai Venue में 16-इंच के अलॉय व्हील दिए गए हैं, जबकि Venue N-Line में 17-इंच के स्पोर्टी व्हील दिए गए हैं.
कार के पिछले हिस्से की बात करें तो इसमें पीछे की तरफ़ छत पर लगा स्पॉइलर, स्लीक कनेक्टेड टेल लैंप और एक दमदार बम्पर दिया गया है. Hyundai Venue N Line में कुछ स्पोर्टी डिटेलिंग भी दी गई है, जैसे टेलगेट के ऊपर एक अनोखा ट्विन स्पॉइलर और ट्विन-टिप एग्जॉस्ट आउटलेट वाला स्पोर्टी बम्पर मिलता है.

2025 Hyundai Venue का इंटीरियर
इसके केबिन की बात करें तो इस कार के इंटीरियर को एक नए डिजाइन के साथ पेश किया गया है. यह Hyundai की अन्य नई कारों की तरह ही है, जिसमें डैशबोर्ड के ऊपर एक ही घुमावदार डिस्प्ले में दो 12.3-इंच स्क्रीन दिए गए हैं. इसके स्टीयरिंग व्हील का डिज़ाइन भी नया है, हालांकि नई Venue और Venue N Line दोनों में ही बीच में स्टाइलिश ‘H’ लोगो नहीं है.
जहां स्टैंडर्ड Hyundai Venue में H लोगो की जगह हुंडई की इलेक्ट्रिक कारों में दिखने वाले चार-डॉट वाला लोगो इस्तेमाल किया गया है, वहीं N Line वर्जन में इसके बीच में ‘N’ लोगो का इस्तेमाल करके इसे एक अलग लुक दिया गया है.
स्टीयरिंग व्हील स्पोक्स में इंटीग्रेटेड ड्राइव मोड और ट्रैक्शन मोड कंट्रोल दिए गए हैं. स्टैंडर्ड Hyundai Venue को नए डुअल-टोन ‘डार्क नेवी’ और ‘डव ग्रे’ कलर स्कीम में पेश किया गया है, जबकि Venue N Line में रेड हाइलाइट्स के साथ ऑल-ब्लैक केबिन दिया गया है.

2025 Hyundai Venue के फीचर्स
इसमें मिलने वाले फीचर्स की बात करें तो इस कार में ज्यादा एडवांस लेवल 2 ADAS सूट, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, नियमित आकार की इलेक्ट्रिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 360 डिग्री कैमरा, ऑटो डिमिंग आईआरवीएम, पावर्ड ड्राइवर सीट, 6 एयरबैग, ESC, सलेक्टेबल मोड्स के साथ ट्रैक्शन कंट्रोल, ड्राइव मोड और कई अन्य फीचर्स मिलते हैं.
2025 Hyundai Venue के पावरट्रेन
इसमें मिलने वाले पावरट्रेन की बात करें तो, नई Hyundai Venue में मैकेनिकल तौर पर कोई बदलाव नहीं किया गया है. नई Venue में पहले की तरह ही 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन, 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन और 1.5-लीटर डीजल इंजन का विकल्प दिया जा रहा है.

जहां इसका 1.2 पेट्रोल इंजन स्टैंडर्ड तौर पर 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आता है, जबकि इसका टर्बो-पेट्रोल इंजन 6-स्पीड मैनुअल या पैडल शिफ्टर्स के साथ 7-स्पीड डीसीटी ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आता है. इसके अलावा, 1.5-लीटर डीजल इंजन स्टैंडर्ड तौर पर 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आता है.
इसके अलावा, इस इंजन के साथ 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प भी पेश किया जाएगा. वहीं दूसरी ओर, Hyundai Venue N Line में केवल टर्बो-पेट्रोल इंजन का विकल्प दिया जाता है. इस इंजन के साथ मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों गियरबॉक्स विकल्पों के साथ उपलब्ध कराई जाएगी.


