अधिकांश लोग नाश्ते में इंस्टेंट नूडल्स खाना पसंद करते हैं और अक्सर इन्हें बनाते समय कच्चा ही खा लेते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि नूडल्स को बिना पकाए कच्चे खाना जानलेवा साबित हो सकता है? दरअसल, मिस्र में एक 13 साल के बच्चे ने नाश्ते में कच्चे नूडल्स के तीन पैकेट खा लिया , जिसके कुछ ही देर बाद उसके पेट में तेज दर्द होने लगा और उल्टियां होने लगीं. परिवार वाले बच्चे को तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी मौत हो गई.
अगर आप भी कच्चे नूडल्स खाते हैं, तो सावधान हो जाइए, क्योंकि ऐसा करना आपके लिए खतरनाक साबित हो सकता है. आइए आपको बताते हैं कि कच्चे नूडल्स कैसे जानलेवा साबित हो सकते हैं.
- अगर आप बहुत ज्यादा कच्चे नूडल्स खाते हैं, तो यह आपके पाचन तंत्र को बिगाड़ सकते हैं. इंस्टेंट नूडल्स में सोडियम की मात्रा बहुत ज्यादा होती है और विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, आप एक दिन में केवल 2000 मिलीग्राम सोडियम ही ले सकते हैं, जो कि दैनिक सीमा है.
- कच्चे नूडल्स पचाने में मुश्किल होते हैं, जिससे डायबिटीज और कैंसर का खतरा भी बढ़ जाता है. ये शरीर से पानी खींचकर डिहाइड्रेशन का कारण बन सकते हैं.
- इसलिए डॉक्टर हमेशा इंस्टेंट नूडल्स को पकाकर ही खाने की सलाह देते हैं, क्योंकि इन्हें कच्चा खाने से कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं.
- क्या होता है इंस्टेंट नूडल्स?
इंस्टेंट नूडल्स एक प्रकार के पहले से पके हुए नूडल्स होते हैं जो आमतौर पर अलग-अलग पैकेट, कप या कटोरों में बेचे जाते हैं.इंस्टेंट नूडल्स गेहूं के आटे, स्टार्च, पानी, नमक या कंसुई (सोडियम कार्बोनेट, पोटेशियम कार्बोनेट और सोडियम फॉस्फेट का एक क्षारीय मिश्रण) से बनाए जाते हैं, और नूडल्स की बनावट और स्वाद को बेहतर बनाने के लिए अन्य सामग्रियांं भी मिलाई जाती हैं. इंस्टेंट नूडल्स में पाम ऑयल भी एक आम सामग्री है क्योंकि इंस्टेंट नूडल्स मूल रूप से फ्लैश फ्राई करके बनाए जाते है. हालांकि, आजकल एयर ड्राई नूडल्स भी मार्केट में उपलब्ध हैं. इंस्टेंट नूडल्स फ्लेवरिंग पैकेट के साथ आते हैं जिनमें मसाला, नमक और मोनोसोडियम ग्लूटामेट (MSG) होता है.
- इंस्टेंट नूडल्स पहली बार 1958 में जापान में बनाए गए थे. दुनिया के पहले इंस्टेंट नूडल्स का आविष्कार ताइवानी-जापानी आविष्कारक और व्यवसायी मोमोफुकु एंडो ने किया था, जिन्होंने निसिन फूड प्रोडक्ट्स कंपनी लिमिटेड की स्थापना की थी. उनके आविष्कार के बाद से, इंस्टेंट नूडल्स दुनिया भर के लाखों उपभोक्ताओं के लिए पसंदीदा सुविधाजनक भोजन बन गए हैं.
- इंस्टेंट नूडल्स में एमएसजी होता है, जो कई प्रोसेस्ड फूड आइटम में पाया जाने वाला एक कॉमन फैक्टर है. इसकी मुख्य भूमिका फूड आइटम के स्वाद और सुगंध को बढ़ाना है. हालांकि इसका व्यापक रूप से विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों में उपयोग किया जाता है और इसे FDA द्वारा सेवन के लिए अनुमोदित किया गया है, फिर भी शरीर पर इसके शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म इफेक्ट को लेकर चिंताएं हैं..
कुछ रिपोर्टों से पता चलता है कि एमएसजी के सेवन से सिरदर्द, मतली, हाई ब्लड प्रेशर, कमजोरी, मांसपेशियों में अकड़न, सीने में दर्द, तेज दिल की धड़कन और त्वचा का लाल होना जैसे लक्षण देखे गए हैं. यदि एमएसजी के सेवन के बाद आपको इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई देता है, तो आपको “एमएसजी लक्षण कॉम्प्लेक्स” नामक स्थिति हो सकती है. हालांकि इस संबंध को स्थापित करने के लिए कोई ठोस प्रमाण नहीं है, लेकिन ऐसा माना जाता है कि कुछ प्रतिशत लोगों में एमएसजी के प्रति ये अल्पकालिक प्रतिक्रियाएं हो सकती हैं।
कुछ अध्ययनों ने एमएसजी के अधिक सेवन को मोटापे और बढ़े हुए ब्लड प्रेशर से भी जोड़ा है. हालांकि, अधिकांशतः इंस्टेंट नूडल्स में पाए जाने वाले एमएसजी की कम मात्रा से ये दुष्प्रभाव होने की संभावना नहीं होती है, बशर्ते इनका सेवन संयमित मात्रा में किया जाए.


