Saturday, June 20, 2026

बिहार के राजगीर में दर्शकों को एशिया कप हॉकी के दौरान गोलों की बौछार देखने को मिल रही है.

Share

राजगीर : बिहार के राजगीर में सोमवार को एशिया कप हॉकी के चौथे दिन मैदान पर जबरदस्त रोमांच देखने को मिला. अब तक खेले गए तीन मुकाबलों में कोरिया ने बांग्लादेश को 5-1 से हराया, मलेशिया ने चीनी ताइपे को 15-0 से रौंदा और चीन व जापान का मैच 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ. वहीं दिन का चौथा और बहुप्रतीक्षित मुकाबला भारत और कजाकिस्तान के बीच खेला जा रहा. इस मैच में भारत ने निर्णायक बढ़त बना ली है. भारत 11-0 से आगे है.

भारत-कजाकिस्तान मुकाबले में दर्शक उत्साहित : भारत ने एशिया कप 2025 हॉकी पूल ए के मुकाबले में सोमवार को कजाकिस्तान से निर्णायक बढ़त बना ली है. अभिषेक ने हैट्रिक बनाई, जबकि सुखजीत सिंह, अमित रोहिदास, हरमनप्रीत सिंह और जुगराज सिंह ने एक-एक गोल किये. भारत फिलहाल 11-0 से आगे है. भारत-कजाकिस्तान मैच में दर्शकों का उत्साह काफी अधिक दिखा. टीम को भी होम ग्राउंड का फायदा मिल रहा है.

कोरिया ने बांग्लादेश को दी 5-1 से शिकस्त : आज टूर्नामेंट के चौथे दिन पहला मुकाबला कोरिया और बांग्लादेश के बीच खेला गया. इस मैच में कोरिया ने शानदार खेल दिखाते हुए बांग्लादेश को 5-1 से मात दी. बांग्लादेश की ओर से एकमात्र गोल सोहनूर सोबूज ने किया, जबकि कोरिया के लिए डैन सोन ने दो गोल दागे और जिहुन यंग, शियुनगो ली व शियोंग ओह ने एक-एक गोल किया. कोरिया ने मैच की शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और बांग्लादेशी टीम पूरी तरह संघर्ष करती दिखी.

मलेशिया की गोलों की सुनामी : वहीं दूसरे मुकाबले में मलेशिया ने चीनी ताइपे पर एकतरफा अंदाज में 15-0 से जीत हासिल की. मलेशिया की ओर से अखीमुल्लाह अनवर ने पांच, असरान हमसानी ने चार, नूरसफीक सुमंत्री ने तीन, जबकि अबू कमल अजरी, एनडियालफियन जिफर्नेस और अमीन रोजेमी ने एक-एक गोल किये. ऐसा लगा मलेशिया ने गोलों की सुनामी ला दी हो. चीनी ताइपे के लिए यह मैच बेहद निराशाजनक रहा क्योंकि वह पूरे मैच में गोल करने का एक भी मौका नहीं बना सके. दूसरी ओर मलेशिया के खिलाड़ियों की तेजी और पासिंग ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया.

चीन और जापान में कांटे का मैच : तीसरा मुकाबला चीन और जापान के बीच खेला गया, जो काफी रोमांचक रहा. मैच के शुरुआती मिनटों से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया. चीन की ओर से चांगलियान लिन और शिओजिया जांग ने एक-एक गोल किया, जबकि जापान के लिए कुजुमसा मत्सुमोतो ने दोनों गोल दागे. पूरे मैच में एक पल चीन ने बढ़त बनाई तो अगले ही पल जापान ने बराबरी कर ली. अंततः यह कांटे का मुकाबला 2-2 पर समाप्त हुआ और दोनों टीमों को आपस में अंक बांटकर संतोष करना पड़ा.

लीग में अब तक की स्थिति : चौथे दिन के मुकाबलों के बाद अंक तालिका में तस्वीर और साफ होती दिख रही है. मलेशिया ने बड़े अंतर से जीत दर्ज कर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है, जबकि कोरिया की जीत ने उसे सेमीफाइनल की दौड़ में बनाए रखा है. चीन और जापान की बराबरी ने दोनों टीमों को बराबरी पर खड़ा कर दिया है.

Read more

Local News