नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम एशिया कप 2025 में 9 सितंबर से शिरकत करने वाली है. इस टीम के लिए बीसीसीआई ने 19 अगस्त को टीम इंडिया का ऐलान कर दिया था, जिसमें शुभमन गिल की बतौर ओपनर वापसी हुई और उन्हें टीम का उपकप्तान बनाया गया है.
ऐसे में संजू सैमसन के प्लेइंग-11 में शामिल होने पर खतरा मंडराने लगा है. क्योंकि संजू अब तक अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत कर रहे थे. अब गिल उपकप्तान की भूमिका में हैं. वो अगर अभिषेक के साथ पारी की शुरुआत करते हैं तो शायद संजू अपनी पोजीशन खो दें
ऐसा हुआ तो संजू के लिए टीम में कोई जगह शायद ही बाकी रहे क्योंकि टीम में बतौर फिनिशर हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह और जितेश शर्मा को शामिल किया गया है. जितेश को टीम में दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर भी शामिल किया गया है. संजू भी टीम में विकेटकीपर की भूमिका निभाते हैं लेकिन उन्होंने अब तक फिनिशर का रोल नहीं निभाया है.
ऐसे में टीम के लिए जितेश शर्मा बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज एक बेहतरीन फिनिशर साबित हो सकते हैं, जो कि उन्होंने आईपीएल 2025 में आरसीबी के लिए करके भी दिखाया था. अगर अभिषेक के साथ गिल पारी की शुरुआत करते हैं तो संजू की बतौर फिनिशर जगह प्लेइंग-11 में नहीं बनेगी और जितेश शर्मा को बतौर फिनिशर खेलने का मौका मिल सकता है.
अब संजू सैमसन ने इसी बात को ध्यान में रखते हुए एक खास प्लान तैयार किया है जिसके चलते वो जितेश को मात दे पाएं और बतौर फिनिशर टीम में जगह बना पाएं. संजू सैमसन केरल क्रिकेट लीग में बतौर फिनिशर नंबर 6 पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरे थे. उन्होंने मिडिल ऑर्डर में आकर 22 गेंद में बिना चौके और बिना छक्के के 13 रनाए और पवेलियन लौट गए. इससे उन्होंने बीसीसीआई, चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट को साफ संदेश दे दिया है कि वो मौका पड़ने पर फिनिशर का रोल भी निभा सकते हैं लेकिन उन्हें प्लेइंग-11 से बाहर ना किया जाए.
अब तक संजू सैमसन आईपीएल में और टीम इंडिया के लिए टी20 में पारी की शुरुआत करते हुए नजर आए हैं. इसके साथ ही उन्होंने टी20 फॉर्मेट में नंबर 3 पर भी बल्लेबाजी की है. लेकिन उन्होंने नंबर 6 पर बतौर फिनिशर ज्यादा बल्लेबाजी नहीं की है लेकिन अब वो केरला टी20 लीग में नंबर 6 पर बल्लेबाजी करते हुए नजर आए हैं.
कप्तान और मैनेजमेंट के हाथों में होगा संजू की किस्मत का फैसला
संजू को अगर भारतीय प्लेइंग-11 में जगह बनानी है तो उन्हें हर नंबर पर खेलने के लिए तैयार रहना होगा. ऐसा संजू ने नंबर 6 पर बल्लेबाजी करते हुए दिखा दिया है कि वो हर नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए तैयार है. लेकिन देखना दिलचस्प होगा कि क्या टीम मैनेजमेंट उन पर फिनिशर के रूप में भरोसा दिखाएंगी या नहीं?


