भारत के तूफानी बल्लेबाज रोहित शर्मा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और टेस्ट से भले ही संन्यास ले चुके हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक वनडे क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है. रोहित कई मौकों पर खुले मंच से 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने की अपनी इच्छा जाहिर कर चुके हैं. लेकिन अब सामने आ रहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स हैरान कर देने वाली हैं.
इन रिपोर्ट्स पर गौर करें तो रोहित शर्मा की वनडे क्रिकेट से छुट्टी करने का प्लान भी बीसीसीआई और चयनकर्ता तैयार करते हुए नजर आ रहे हैं. जहां कुछ रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रोहित शर्मा इंडिया ए की ओर से ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे.
इन रिपोर्ट्स के सामने आने से फैंस और क्रिकेट जानकारों के मन में सवाल उठ रहा है, कि रोहित शर्मा अनुभवी और बड़े खिलाड़ियों में से एक हैं. उन्होंने आपको टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनाया है. वो आपको चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब दिला चुके हैं. वो लंबे समय से टीम इंडिया के कप्तान है. उन्होंने आपको वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में पहुंचाया था, जहां उन्हें ऑस्ट्रेलिया से हार मिली थी.
रोहित शर्मा भारतीय क्रिकेट का एक बड़ा नाम है. आप उन्हें इंडिया ए की ओर से ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ खेलने को नहीं कह सकते है. अगर आप रोहित को इंडिया ए की ओर से ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ खेलने को कह रहे हैं तो शायद आप देखना चाहते हैं कि उनमें कितना क्रिकेट और बाकी है. वो 38 साल की उम्र में भी कैसा क्रिकेट खेल सकते हैं. इसके साथ ही साथ आप उनका वर्तमान फॉर्म भी चेक करना चाहते हैं.
ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ रोहित को खिलाने की असली वजह
बीसीसीआई और चयनकर्ता आगामी वनडे वर्ल्ड कप 2027 को ध्यान में रखते हुए भारतीय की वनडे क्रिकेट टीम तैयार करना चाहते हैं. ऐसे में वो रोहित शर्मा के टीम में होने पर सोच-समझकर फैसला लेना चाहते हैं. अगर रोहित को मौका दिया जाता है तो वो वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक लगभग 40 के हो जाएंगे. रोहित अगर तब तक फिट नहीं रहे तो ये भारतीय टीम के लिए वनडे वर्ल्ड कप 2027 में बड़ा नुकसान साबित होगा.
ऐसे में बीसीसीआई और चयनकर्ता ऐसे युवा खिलाड़ी को मौका देना चाहेंगे जो वनडे क्रिकेट में 2027 तक अधिक से अधिक मैच खेलकर अनुभव और फॉर्म हासिल कर सके और टूर्नामेंट में पूरी तरह फिट नजर आए. ऐसे में बीसीसीआई और चयनकर्ता रोहित शर्मा को वनडे क्रिकेट से हटाने के लिए भी इंडिया ए की ओर से ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ खिलाने का प्लान बना रहे हैं. जिससे वो जांच सकें कि रोहित बल्ले के साथ प्रदर्शन कर पाएंगे या नहीं. रोहित के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास और उन्हें फेयरवेल मैच न मिलने पर भी बीसीसीआई और चयनकर्ताओं पर सवाल उठे थे.
क्या रोहित शर्मा फिर से मान लेंगे हार
ये रोहित शर्मा पर निर्भर करता है कि वो ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ इंडिया ए की ओर से खेलकर खुद को साबित करना चाहते हैं या नहीं. अगर वो इस सीरीज में नहीं खेलते तो चयनकर्ताओं और बीसीसीआई के पास साफ तौर मौका होगा कि वो रोहित शर्मा की गलती ठहरा कर उन्हें आगामी वनडे सीरीज के लिए टीम से दरकिनार भी कर सकते हैं. ऐसी स्थिति में शायद रोहित टेस्ट की तरह वनडे से भी संन्यास ले लें.


