Saturday, June 20, 2026

रोहित शर्मा और विराट कोहली की स्टार भारतीय जोड़ी हाल ही में जारी आईसीसी रैंकिंग से गायब हो गई है.

Share

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा हाल ही में जारी रैंकिंग में एक अजीबोगरीब घटना देखने को मिली, जब भारत के दो स्टार खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा रैंकिंग लिस्ट से गायब हो गए. टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों से पहले ही संन्यास ले चुकी इस भारतीय जोड़ी को नवीनतम ICC वनडे रैंकिंग से भी गायब पाया गया.

दरअसल, पिछले हफ्ते रोहित 756 अंकों के साथ वनडे रैंकिंग में दूसरे स्थान पर थे. कोहली 784 रेटिंग अंकों के साथ चौथे स्थान पर थे. अब शुभमन गिल 784 रेटिंग अंकों के साथ रैंकिंग में शीर्ष पर हैं जबकि श्रेयस अय्यर 704 अंकों के साथ छठे स्थान पर हैं. शीर्ष 20 में शामिल अन्य भारतीय केएल राहुल हैं, जो 638 अंकों के साथ 13वें स्थान पर हैं. हैरानी की बात यह है कि हालिया अपडेट में तकनीकी गड़बड़ी के कारण रोहित या कोहली में से किसी को भी सूची में नहीं दिखाया गया है.

आईसीसी वनडे रैंकिंग

रोहित और कोहली ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के बाद से कोई क्रिकेट नहीं खेला है. भारत के लिए उनका आखिरी मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में था.

ICC रैंकिंग से खिलाड़ी कब गायब होते हैं?

विराट और रोहित का रैंकिंग से गायब होना एक तकनीकी गड़बड़ी थी. हालांकि, कुछ निश्चित परिस्थितियां होती हैं जिनमें किसी खिलाड़ी को शीर्ष 100 से हटाया जा सकता है.

ICC के रैंकिंग नियमों के अनुसार शीर्ष 100 में शामिल कोई खिलाड़ी अगर क्वालीफाइंग अवधि के दौरान कोई मैच नहीं खेलता है, जो कि ODI और T20I के लिए 9-12 महीने है, तो वह अपना स्थान खो देता है.

इसके अलावा अगर कोई खिलाड़ी किसी खास प्रारूप को अलविदा कह देता है या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से पूरी तरह से संन्यास ले लेता है, तो उसे हटाया जा सकता है. उदाहरण के लिए एमएस धोनी ने 2014 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, इसलिए उन्हें टेस्ट रैंकिंग से हटा दिया गया था.

आईसीसी वनडे रैंकिंग

ICC ने अपनी गड़बड़ी सुधारी

स्टार बल्लेबाज रोहित और विराट की रैंकिंग से अनुपस्थिति ने कई लोगों को चौंका दिया, लेकिन ICC ने कुछ घंटों बाद रैंकिंग अपडेट कर दी. सुधरी हुई रैंकिंग में रोहित एक बार फिर दूसरे स्थान पर दिखाई दिए, जबकि विराट चौथे स्थान पर नजर आए. दोनों की अनुपस्थिति ने दोनों बल्लेबाजों के वनडे से संन्यास लेने की चर्चाओं को भी हवा दे दी थी.

Read more

Local News