Sunday, July 5, 2026

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नालंदा दौरा – 862 करोड़ के फोरलेन प्रोजेक्ट का शिलान्यास, राजगीर ROB का उद्घाटन

Share

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालंदा में 862 करोड़ की फोरलेन हाईवे परियोजना का शिलान्यास किया जो सालेपुर से राजगीर तक जाएगी। उन्होंने 81 करोड़ के बिहारशरीफ-राजगीर मार्ग पर बने रेलवे ओवरब्रिज का भी उद्घाटन किया। सीएम ने खेल परिसर में एशिया अंडर-20 रग्बी सेवेन्स चैंपियनशिप की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन रॉयल भूटान मॉनेस्ट्री का निरीक्षण किया जो भारत-भूटान मित्रता का प्रतीक है।

राजगीर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर नालंदा पहुंचे, जहां उन्होंने जिले को कई बड़ी विकास योजनाओं की सौगात दी। सीएम ने 862 करोड़ 63 लाख की लागत से बनने वाले फोरलेन हाईवे परियोजना का शिलान्यास किया, जो सालेपुर से नूरसराय, अहियापुर, सिलाव होते हुए राजगीर तक जाएगा।

इस सड़क के बनने से न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि पर्यटकों और खिलाड़ियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने इसके बाद 81 करोड़ की लागत से बिहारशरीफ-राजगीर मार्ग पर बने बहुप्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही यह पुल आम जनता के लिए खोल दिया गया, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

राजगीर हवाई मार्ग से पहुंचे सीएम ने खेल परिसर में एशिया अंडर-20 रग्बी सेवेन्स चैंपियनशिप की तैयारियों का भी जायजा लिया। भारतीय महिला एवं पुरुष टीमें पहले ही राजगीर पहुंच चुकी हैं, जबकि अन्य देशों की टीमें 7 अगस्त को पहुंचेंगी। 8 अगस्त को चैंपियनशिप का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित होगा और 9-10 अगस्त को मुकाबले खेले जाएंगे।

इस दौरान सीएम ने निर्माणाधीन रॉयल भूटान मॉनेस्ट्री का भी निरीक्षण किया। यह मॉनेस्ट्री भारत-भूटान की गहरी मित्रता का प्रतीक मानी जा रही है। गौरतलब है कि वर्ष 2009 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भूटान सरकार को इसके लिए ढाई एकड़ जमीन दान दी थी, और 2018 में उन्होंने इसका शिलान्यास भी किया था।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को जिले के विकास और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

इस दौरान डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी,विजय कुमार सिन्हा,जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, पर्यावरण, सांसद कौशलेंद्र कुमार, एमएलसी रीना यादव, राजगीर विधायक कौशल कुमार, हरनौत विधायक हरि नारायण सिंह, इंजीनियर सुनील, डीएम कुंदन कुमार, एसपी भारत सोनी मौजूद रहे।

Read more

Local News