समस्तीपुर में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ाई है। सहरसा-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन अब पूर्णिया कोर्ट से चलेगी और सप्ताह में चार दिन उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा सहरसा और आनंद विहार के बीच एक नई साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन भी शुरू की गई है जिससे यात्रियों को काफी सुविधा होगी।
समस्तीपुर। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और उनके परिचालन में विस्तार करने का निर्णय लिया है।
इसी क्रम में सहरसा और आनंद विहार के बीच चल रही ट्रेन संख्या 05579/05580 सहरसा-आनंद विहार स्पेशल को अब पूर्णिया कोर्ट से चलाया जाएगा। इसके साथ ही यह ट्रेन अब सप्ताह में चार दिन चलेगी।
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 05579 अब पूर्णिया कोर्ट से आनंद विहार के लिए शुक्रवार, रविवार, सोमवार और मंगलवार को चलाई जाएगी।
यह ट्रेन पूर्णिया कोर्ट से शाम 4:30 बजे चलेगी और सहरसा में रुकने के बाद तीसरे दिन दोपहर 12:30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। इस सेवा का विस्तार 15 अगस्त तक किया गया है।
वहीं, ट्रेन संख्या 05580 आनंद विहार से पूर्णिया कोर्ट के लिए रविवार, शुक्रवार, बुधवार और गुरुवार को चलेगी। यह ट्रेन सुबह 5:15 बजे आनंद विहार से चलेगी और अगले दिन दोपहर 1:45 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी। यह सेवा 17 अगस्त तक जारी रहेगी।
इसके अतिरिक्त सहरसा और आनंद विहार के बीच एक नई साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की भी शुरुआत की गई है। ट्रेन संख्या 05575 सहरसा से 6 और 13 अगस्त को रात 8 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन दोपहर 12:30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 05576 आनंद विहार से 5 और 12 अगस्त को सुबह 5:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 10:30 बजे सहरसा पहुंचेगी।


