भारत और इंग्लैंड के बीच ओवल क्रिकेट ग्राउंड पर पांचवां टेस्ट मैच खेला जा रहा है. इस टेस्ट मैच के दूसरे दिन की शुरुआत में ही भारतीय क्रिकेट टीम पहली पारी में 69.4 ओवर में सिर्फ 224 रनों पर ऑलराउट हो गई है. टीम इंडिया अपने पहले दिन के स्कोर 204 में सिर्फ 20 रन ही जोड़ पाई और मात्र 5.4 ओवर में 4 विकेट गंवा बैठी. इंग्लैंड के लिए गस एटकिंसन ने सबसे ज्यादा 5 विकेट हासिल किए.
भारतीय टीम पहली पारी में 224 पर हुई ढेर
भारत को पहले दिन कुल 6 झटके लगे थे. यशस्वी जायसवाल 9 बॉल में 2 रन बनाकर गस एटकिंसन की बॉल पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए. केएल राहुल 40 बॉल में 1 चौके की सहायता की बदौलत सिर्फ 14 रन बना पाए. कप्तान शुभमन गिल 35 बॉल में 4 चौकों की मदद से 21 रन बनाकर रन आउट हो गए. इसके बाद साई सुदर्शन 38, रविंद्र जडेजा 9 और ध्रुव जुरेल 19 के रन पर आउट हो गए.
आज यानी दूसरे दिन भारतीय टीम ने अपने चार विकेट जल्दी ही गंवा दिए. करुण नायर 109 बॉल में 8 चौकों के साथ 57 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद वाशिंगटन सुंदर 26 रन बनाकर आउट हुए. आकाशदीप, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा अपना खाता भी नहीं खोल पाए. इसके साथ ही भारतीय टीम 224 पर ढेर हो गई
गस एटकिंसन ने चटकाए 5 विकेट
भारत की पहली पारी के दौरान इंग्लैंड के लिए गस एटकिंसन ने सबसे ज्यादा 5 विकेट हासिल किए. उन्होंने 21.4 ओवर में 33 रन देकर 5 विकेट हासिल किए. इस दौरान उन्होंने 8 मेडन ओवर भी डाले. एटकिंसन ने यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा का विकेट हासिल किया. उन्होंने अपने शानदार थ्रो से भारतीय कप्तान शुभमन गिल को भी रन आउट किया था.


