बगहा के वाल्मीकिनगर हवाई अड्डे के विस्तार की प्रक्रिया शुरू हो गई है जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय निवासियों का मानना है कि हवाई सेवा शुरू होने से व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और आवागमन सुगम होगा। 12 घंटे की यात्रा अब कुछ ही घंटों में पूरी हो सकेगी। शिक्षा रोजगार के नए अवसर मिलेंगे जिससे क्षेत्र का विकास होगा।
बगहा। वाल्मीकिनगर हवाई अड्डा के विस्तार की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिससे बगहा सहित अनुमंडल और आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई है। हवाई सेवा शुरू होने की संभावना ने स्थानीय निवासियों में उत्साह भर दिया है।
वाल्मीकिनगर के निवासी योगेंद्र सिंह, राजकुमार महतो, नंदन कुमार, प्रियंका राय, संगीता जयसवाल, गोनौली के राजेश कुमार ने कहा कि हवाई सेवा शुरू होने से क्षेत्र के व्यापार को नई गति मिलेगी। इससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों को भी बढ़ावा मिलेगा। सड़क मार्ग से आवागमन की सुविधाएं भी बेहतर होंगी।
स्पेयर पार्ट व्यवसायी धीरज कुमार, ठेकेदार मुन्ना कुमार और कंट्रेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि हवाई सेवा शुरू होने से 12 घंटे की यात्रा अब केवल डेढ़ से दो घंटे में पूरी हो सकेगी। विशेष सामान के लिए सड़क मार्ग से यात्रा करने में एक सप्ताह का इंतजार अब कुछ घंटों में सिमट जाएगा।
हवाई मार्ग से यात्रा करने वाले रमेश चौबे, अमरेंद्र तिवारी, जय नारायण राय और दीपेन्द्र प्रसाद ने कहा कि शिक्षा और व्यापार को नई ऊंचाइयां मिलेंगी, जिससे क्षेत्र का विकास तेजी से होगा।
लोकप्रिय चिकित्सक डॉ. कृष्ण मोहन राय और डॉ. रणवीर सिंह ने भी कहा कि हवाई सेवा शुरू होने से रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे, जिससे युवाओं का पलायन रुक जाएगा।
वर्तमान में हवाई अड्डा 73 एकड़ भूमि पर स्थित है। बगहा के दो सीओ रविप्रकाश चौधरी ने बताया कि हवाई अड्डे के विस्तार के लिए 303 एकड़ भूमि की आवश्यकता है। मौजूदा समय में 73 एकड़ भूमि उपलब्ध है, जबकि शेष 229 एकड़ भूमि की पहचान की जा रही है। भूमि चिह्नित करने का कार्य किया जा रहा है। इस विस्तार से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय निवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।


