एशिया कप 2025 के हवाले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) की वार्षिक आम बैठक (AGM) में शामिल होने से मना कर दिया है.
BCCI ने ACC की बैठक पर लिया बड़ा फैसला
एएनआई न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से जारी एक रिपोर्ट में कहा है, ‘BCCI ने ACC के अध्यक्ष मोहसिन नकवी को आधिकारिक तौर पर सूचित कर दिया है कि अगर यह बैठक ढाका में होती है, तो वह इसमें भाग नहीं लेंगे’. बता दें कि ACC के अध्यक्ष पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी हैं.
इसके अलावा रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया है कि BCCI के अलावा कई अन्य सदस्य बोर्डों ने भी राजनीतिक और कूटनीतिक चिंताओं के चलते बैठक का बहिष्कार करने का फैसला किया है. इसके बावजूद भी अगर ये बैठक की जाती है तो फिर उसके प्रस्ताव का बहिष्कार किया जाएगा. बता दें कि एसीसी के संविधान के अनुसार, अगर एसीसी की बैठक में प्रमुख सदस्य बोर्डों की भागीदारी के बिना कोई फैसला लिया जाता है तो उसको अमान्य माना जा सकता है.
एशिया कप 2025 पर लटकी तलवा
रिपोर्ट में कहा गया कि बीसीसीआई ने एसीसी के अध्यक्ष से बैठक की स्थल बदलने का अनुरोध किया था, लेकिन अभी तक वहां से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है. बढ़ते विरोध के बावजूद, ACC के अध्यक्ष मोहसिन नकवी बैठक ढाका में आयोजित करने पर अड़े हुए हैं. जिसकी वजह से टी20 प्रारूप में खेले जाने वाले छह टीमों के टूर्नामेंट, एशिया कप 2025 का भविष्य अनिश्चितता के घेरे में है.
राजनीतिक संबंधों के चलते लिया गया फैसला
बीसीसीआई का यह फैसला भारत और बांग्लादेश के बीच मौजूदा तनावपूर्ण राजनीतिक संबंधों के चलते लिया गया है. हाल ही में, बीसीसीआई और बीसीबी ने आपसी सहमति से भारत के बांग्लादेश दौरे को अगस्त 2025 से सितंबर 2026 तक स्थगित करने का फैसला किया.
एशिया कप 2023 का विजेता
भारत इस एशिया कप 2025 का मेजबान है, और एसीसी ने अभी तक कार्यक्रम या आयोजन स्थल की घोषणा नहीं की है. बता दें कि भारत एशिया कप का गत विजेता है. 2023 में, भारत ने एशिया कप के लिए पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया था, और श्रीलंका को भारत के मैचों के लिए तटस्थ स्थल के रूप में चुना गया था.
भारत एशिया कप की सबसे सफल टीम है
भारत टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है, जिसने आठ बार खिताब जीता है. श्रीलंका ने छह बार एशिया कप जीता है, जबकि पाकिस्तान ने इसे दो बार जीता है और उसकी आखिरी जीत 2012 में आई थी.


