रांची: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जल्द ही होने वाले हैं. माना जा रहा है कि अक्टूबर या नवंबर में मतदान होंगे. लेकिन इससे पहले सीटों के बंटवारे पर माथापच्ची जारी है. झामुमो बिहार में कई सीटों पर चुनाव लड़ने का मन बना रहा है. हालांकि इंडिया गठबंधन में उन्हें कितनी सीटें मिलेंगी ये कहना मुश्किल है.
झामुमो ने बिहार की 16 सीटों पर दावा किया है, हालांकि ये तय माना जा रहा है कि इतनी सीटें पार्टी को नहीं मिलेगी. झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि हमारी पार्टी की स्वतंत्र पहचान है, अगर बिहार विधानसभा चुनाव में सहयोगी दल कांग्रेस-राजद ने उचित सीट नहीं दीं तो पार्टी वहां अकेले ही चुनाव लड़ेगी. मनोज पांडेय ने कहा कि जिन पर भरोसा किया,उन्होंने उसे तोड़ दिया है.
झामुमो नेता ने कहा कि बिहार में हमें राजद-कांग्रेस से इसलिए उम्मीद है क्योंकि हमने झारखंड में गठबंधन धर्म निभाया था और आज भी निभा रहे हैं. राजद के एक विधायक होते हुए भी उन्हें हमने मंत्री बनाए रखा.
- झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि बिहार कांग्रेस और राजद के एकतरफा फैसले से बिहार में महागठबंधन में गांठ पड़ेगी. उन्होंने इशारों-इशारों में कहा कि झारखंड राज्य में अभी साढ़े चार साल का कार्यकाल बचा हुआ है, इसका ख्याल भी राजद को रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि बिहार के I.N.D.I.A गठबंधन में झामुमो को जगह नहीं दिए जाने से झारखंड में भी कार्यकर्ताओं का दवाब हमारे ऊपर बढ़ रहा है और यह स्वभाविक भी है.
- किसी तरह का फार्मूला तय हुआ नहीं- झारखंड कांग्रेस
- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर शुरू हुई राजनीति और झारखंड मुक्ति मोर्चा की नाराजगी को शांत कराते हुए कहा कि झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सोनाल शांति उर्फ रिंकू तिवारी ने कहा कि बिहार में अभी इंडिया ब्लॉक में सीटों का फॉर्मूला तय नहीं हुआ है. बल्कि इसकी सिर्फ खबरें आ रही हैं. सोनाल शांति ने कहा कि जब सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय हो जायेगा तो सहयोगी दलों के शीर्ष नेता की उपस्थिति में इसकी घोषणा होगी. उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों द्वारा भी हमारी एकता को कमजोर करने के लिए इस तरह की अफवाह उड़ाई जा सकती है.
वह 16 सीटें जिस पर झामुमो ने किया है दावा
झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता लगातार बिहार की झामुमो इकाई की ओर से भेजी गई 16 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कहते रहे हैं. उसमें कटोरिया, चकाई, ठाकुरगंज, कोचाधामन, रानीगंज, बनमनखी, धमदाहा, रुपौली, प्राणपुर, छातापुर, सोनवर्षा, झाझा, रामनगर, जमालपुर, तारापुर और मनिहारी शामिल हैं.


