Friday, March 27, 2026

पलामू के पांडू थाना क्षेत्र से लूटे गए ट्रेक्टर और डाला पुलिस ने बिहार के सिवान और रोहतास जिले से बरामद किया है.

Share

पलामू: जिले के पांडू थाना क्षेत्र से हुई ट्रैक्टर लूट का तार बिहार से जुड़ा हुआ मिला. लूटे गए ट्रैक्टर का इंजन बिहार के सिवान जबकि डाला रोहतास जिला से बरामद किया गया है. पुलिस ने लूट के मामले में बिहार के रहने वाले तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है. 19 जून को पलामू के पांडू थाना क्षेत्र में बिहार के रहने वाले अपराधियों ने ट्रैक्टर ड्राइवर दिनेश कुमार गुप्ता को अत्यधिक शराब पिला कर ट्रैक्टर को लूट लिया था.

पूरे मामले में दिनेश कुमार गुप्ता के द्वारा पांडू थाना में एफआईआर दर्ज करवाई गई थी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिहार के रोहतास के नासरीगंज थाना क्षेत्र में छापेमारी करते हुए एक आरोपी श्याम बिहारी शर्मा को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने एक साथी बिहारी यादव के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था. गिरफ्तार आरोपी और उनके साथी ने मिलकर ट्रैक्टर ड्राइवर दिनेश गुप्ता को जमकर शराब पिलाई थी. उसके बाद घटना को अंजाम दिया था.

गिरफ्तार दोनों आरोपी ने पुलिस को बताया कि बिहार के सिवान के दुरौदा थाना क्षेत्र के परशुराम सिंह नामक व्यक्ति को ट्रैक्टर का इंजन 40 हजार रुपए में बेचा गया है. जिसके बाद पुलिस ने बिहार के सिवान में छापेमारी कर ट्रैक्टर के इंजन को बरामद किया और परशुराम सिंह को गिरफ्तार किया है. वहीं ट्रैक्टर का डाला रोहतास के ओझवलिया इलाके से लावारिस हालत में बरामद किया गया है.

पांडु के थाना प्रभारी बिगेश कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. गिरफ्तार श्याम बिहारी शर्मा पांडू इलाके में अपने रिश्तेदार के घर आया था. जिसके बाद लूट की घटना को अंजाम दिया था. पुलिस की छापेमारी में पांडू थाना प्रभारी बिगेश कुमार राय, एएसआई जयप्रकाश तिवारी समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे.

Read more

Local News