रेलवे ने हावड़ा और नई दिल्ली के बीच ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन 11 जून से 20 जुलाई के बीच चलेगी और दुर्गापुर आसनसोल जैसे स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में यात्रियों के लिए विभिन्न श्रेणियों के कोच उपलब्ध रहेंगे। यह फैसला गर्मियों में यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए लिया गया है।
जमुई; हावड़ा और नई दिल्ली के बीच एक नई ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। उक्त जानकारी आसनसोल पीआरओ ने विज्ञप्ति जारी कर दी। बताया कि रेलवे खासकर गर्मियों के मौसम में बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को आराम और सुख-सुविधा को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध है।
यात्रियों की जरूरतों को सक्रिय रूप से ध्यान में रखते हुए और इस स्पेशल ट्रेन को शुरू कर रेलवे गुणवत्तापूर्ण परिवहन परिचालन सेवाएं प्रदान करने और सभी यात्रियों के लिए सकारात्मक यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।
04092 नई दिल्ली-हावड़ा ग्रीष्मकालीन स्पेशल 11 जून और 19 जुलाई के बीच प्रत्येक बुधवार तथा शनिवार को कुल 12 ट्रिप चलेगी। यह गाड़ी नई दिल्ली से शाम 7:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात्रि 9:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
04091 हावड़ा-नई दिल्ली ग्रीष्मकालीन स्पेशल 12 जून और 20 जुलाई के बीच प्रत्येक गुरुवार और रविवार को कुल 12 ट्रिप हावड़ा से रात्रि 11:50 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन रात्रि 01:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
यह ट्रेन मार्ग में दोनों दिशाओं में पूर्व रेलवे के क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आसनसोल मंडल के दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, जामताड़ा, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर रुकेगी। उक्त ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान श्रेणी और वातानुकूलित श्रेणी के कोच उपलब्ध होंगे।


