लंदन: ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका 3 वर्षों में एक बार होने वाले टेस्ट क्रिकेट के महामुकाबले में आमने-सामने होने के लिए तैयार हैं. दोनों टीमें गुरुवार, 11 जून से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल 2025 में लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड, लंदन में एक-दूसरे से भिड़ेंगी. ऑस्ट्रेलिया ने विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि दक्षिण अफ्रीका WTC चक्र 2023-25 के अंत तक दूसरे स्थान पर था.
WTC फाइनल 2025: ऑस्ट्रेलिया बनाम दक्षिण अफ्रीका
पैट कमिंस की अगुवाई वाली गत चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम को अपने बल्लेबाजी क्रम को ठीक करने की जरूरत है, क्योंकि मार्नस लाबुशेन का फॉर्म चिंता का विषय है. हालांकि, ग्रीन चोट से वापसी के बाद से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्होंने ग्लूस्टरशायर के लिए 5 मैचों में 467 रन बनाए हैं. इस स्टार ऑलराउंडर का प्लेइंग-11 में खेलना तय माना जा रहा है.
वहीं, दक्षिण अफ्रीका के पास मौजूदा समय में एक अच्छी बल्लेबाजी यूनिट है, लेकिन खिलाड़ियों को टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी कठिन टीमों के खिलाफ खेलने का ज्यादा अनुभव नहीं है, जो बल्लेबाजों को परेशान कर सकता है. टेम्बा बावुमा की अगुवाई वाली टीम जाहिर तौर पर दबाव में होगी, जिसने हाल ही में 3 ICC फाइनल गंवाए हैं – दो महिला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल और 1 पुरुष टी20 वर्ल्ड कप फाइनल.
अगर ऑस्ट्रेलिया बनाम दक्षिण अफ्रीका WTC फाइनल ड्रॉ पर समाप्त होता है तो क्या होगा?
इस मुकाबले के शुरू होने से पहले दुनिया भर के क्रिकेट फैंस के मन में एक सवाल जरूर उठ रहा होगा कि, अगर दोनों टीमों के बीच टेस्ट का यह शिखर मुकाबला ड्रॉ होता है तो चैंपियन किसे घोषित किया जाएगा?
अगर ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच 11-15 जून के बीच खेले जाने वाला डब्ल्यूटीसी फाइनल ड्रॉ होता है, तो ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका दोनों टीमें प्रतिष्ठित टेस्ट गदा को शेयर करेंगे. हालांकि, इस महामुकाबले के लिए एक रिजर्व डे भी रखा गया है. अगर खराब मौसम के कारण किसी भी दिन मैच प्रभावित होता है, तो मैच छठे दिन यानि 16 जून को खेला जाएगा.
बता दें कि, भारत और न्यूजीलैंड के बीच उद्घाटन WTC फाइनल 2021 में पहला दिन बारिश के कारण बर्बाद हो गया था और मैच छठे दिन तक जारी रहा था. इस बार भी ऐसा ही होगा, क्योंकि 16 जून को रिजर्व डे के रूप में रखा गया है. मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, इस मुकाबले के दूसरे दिन को बारिश से प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है.
WTC फाइनल के लिए ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका दोनों टीमों का स्कवाड :-
ऑस्ट्रेलिया की टीम: उस्मान ख्वाजा, सैम कोंस्टास, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रैविस हेड, एलेक्स कैरी, जोश इंग्लिस, कैमरून ग्रीन, ब्यू वेबस्टर, पैट कमिंस (कप्तान), मिशेल स्टार्क, जोश हेज़लवुड, स्कॉट बोलैंड, नाथन लियोन, मैट कुहनेमैन.
ट्रैवल रिजर्व: ब्रेंडन डॉगेट
दक्षिण अफ्रीका की टीम: टोनी डी जोरजी, रयान रिकेल्टन, एडेन मार्कराम, टेम्बा बावुमा (कप्तान), डेविड बेडिंघम, ट्रिस्टन स्टब्स, काइल वेरिन, वियान मुल्डर, मार्को जेनसन, कॉर्बिन बॉश, कागिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, डेन पैटरसन, केशव महाराज, सेनुरन मुथुसामी.


