पटना में शुक्रवार को छह समेत दो दिन में 12 नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 22 हो गई है। शुक्रवार को निजी लैब ने गोलारोड निवासी 38 वर्षीय महिला व हनुमान नगर निवासी 55 वर्षीय महिला की कोरोना पाजिटिव रिपोर्ट दी है
पटना। राजधानी में धीरे-धीरे कोरोना संक्रमण पांव पसारने लगा है। शुक्रवार को छह समेत दो दिन में 12 नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 22 हो गई है। इनमें से 20 संक्रमित होम आइसोलेशन में उपचार करा रहे हैं, जबकि दो स्वस्थ हो चुके हैं।
हालांकि, एनएमसीएच में जो तीन नए संक्रमित मिलें हैं, उनकी संख्या स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में कल शामिल होंगे। सिविल सर्जन डा. अविनाश कुमार सिंह के अनुसार जिले में कुल 17 कोरोना संक्रमित हैं।
सरकारी में 14, निजी लैब में 8 संक्रमित मिल चुके
सिविल सर्जन ने बताया कि शुक्रवार को निजी लैब ने गोलारोड निवासी 38 वर्षीय महिला व हनुमान नगर निवासी 55 वर्षीय महिला की कोरोना पाजिटिव रिपोर्ट दी है। वहीं एम्स पटना फुलवारीशरीफ निवासी 25 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पाजिटिव आई है।
स्वास्थ्य विभाग से आंकड़े नहीं मिल पाए थे
चौथा संक्रमित एनएमसीएच में गुरुवार को मिला था। गुरुवार को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में व्यस्तता के कारण स्वास्थ्य विभाग से आंकड़े नहीं मिल पाए थे। बताते चलें कि गत सात दिन में एम्स पटना में दो डाक्टर, दो नर्स समेत पांच, एनएमसीएच में एक इंटर्न डाक्टर समेत विभिन्न विभागों में इलाज कराने आए 9 और अन्य आठ संक्रमित दो निजी पैथोलाजी में मिले हैं।
एनएमसीएच में डाक्टर समेत तीन संक्रमित मिले
नालंदा मेडिकल कालेज सह अस्पताल के माइक्रोबायोलाजी विभाग में शुक्रवार को 26 आशंकित लोगों की जांच की गई। इनमें से तीन की रिपोर्ट पाजिटिव आई। विभागाध्यक्ष डा. प्रो. संजय कुमार बताया कि शुक्रवार को जो नए संक्रमित मिले उनमें से एक एनएमसीएच का इंटर्न डाक्टर है।
इसके अलावा पटना एनटीपीसी का 26 वर्षीय युवक, पटना के कदमकुआं के 45 वर्षीय व्यक्ति व एक आरपीएस मोड़ का निवासी है। इनमें से दो मरीज सर्दी, खांसी, बुखार के लक्षण लेकर औषधि विभाग की ओपीडी में इलाज कराने आए थे जबकि एक का एनएमसीएच में आपरेशन होना था। संक्रमित मरीजों को चिकित्सकों ने घर पर रहने की सलाह दी है।
पीएमसीएच, आइजीआइएमएस व अन्य अस्पतालों में जांच
सिविल सर्जन डा. अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि पीएमसीएच, आइजीआइएमएस, न्यू गार्डिनर रोड अस्पताल, एनएनजेपी हड्डी अस्पताल समेत सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जांच जल्द शुरू कराई जाएगी। इसके लिए किट का इंतजार किया जा रहा है। संभावना है कि सोमवार से जिले में कोरोना जांच की संख्या बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि ओपीडी में आने वाले मरीजों में अगर सर्दी, खांसी, गले में खराश या बुखार जैसे लक्षण हों तो कोरोना जांच करानी चाहिए।
जिन रोगियों का आपरेशन प्रस्तावित है, उनकी जांच सभी अस्पतालों में पूर्व से ही कराई जा रही है। बताते चलें कि दो दिन पूर्व स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ने अस्पतालों में कोरोना की जांच संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए थे। हालांकि, अबतक आइजीआइएमएस, पीएमसीएच व आरएमआरआइ जैसे बड़े संस्थानों में कोरोना जांच नहीं हो रही है। एनएमसीएच में भी सिर्फ अपने ओपीडी या सर्जरी के प्रस्तावित रोगियों की ही जांच की जा रही है।


