नाखूनों पर सफेद धब्बों को ल्यूकोनीशिया कहा जाता है. ऐसा कई कारणों से हो सकता है और इससे छुटकारा पाने के लिए दवा की जरूरत…
पुराने जमाने में वैद्य और हकीम किसी भी बीमारी का पता लगाने के लिए सबसे पहले हाथ के नाखूनों की जांच करते थे. उनका मानना था कि नाखूनों के रंग से कई तरह की बीमारियों का पता चलता है.आज के समय में भी आयुर्वेद और होम्योपैथी विशेषज्ञ बीमारी का पता लगाने के लिए नाखूनों के रंग की जांच करते हैं. बता दें, सिर्फ आयुर्वेद और होम्योपैथी विशेषज्ञ ही नहीं मानते कि नाखूनों के रंग से कई बीमारियों का पता लगाया जा सकता है. बल्कि विज्ञान भी इस बात पर यकीन करता है.विभिन्न शोधों में यह साबित हो चुका है कि नाखूनों के रंग और आकार से शरीर में पनपने वाली बीमारियों और विभिन्न कमजोरियों और स्थितियों का पता लगाया जा सकता है.

आपके नाखूनों का रंग और स्थिति भी आपके स्वास्थ्य का संकेत देती है. यदि नाखून मजबूत और चमकदार हैं तो माना जाता है कि व्यक्ति स्वस्थ है और उसके सभी अंग ठीक से काम कर रहे हैं. वहीं, नाखूनों का सूखा होना, बार-बार टूटना और रंग खराब होना कई बीमारियों के लक्षण हो सकते हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या नाखूनों पर सफेद धब्बे किसी बीमारी का लक्षण भी हो सकते हैं. हम अक्सर इन सफेद धब्बों को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन खबर के जरिए जानते हैं कि नाखूनों पर सफेद धब्बे क्यों आते हैं और इसका इलाज क्या है? क्या है विशेषज्ञों की राय?
नाखूनों पर सफेद धब्बे किस बात का संकेत हैं?
नाखूनों पर सफेद धब्बे होना बहुत आम बात है और आमतौर पर ये किसी भी तरह से नुकसानदायक नहीं होते हैं. लेकिन, सफेद धब्बों के पीछे कई कारण हो सकते हैं. ये धब्बे किसी बीमारी का संकेत भी हो सकते हैं. इसके साथ ही नाखूनों पर सफेद धब्बे फंगस, एलर्जी और कुछ दवाइयों के कारण भी हो सकते हैं. इसके अलावा चोट लगने की वजह से भी नाखूनों पर सफेद धब्बे दिखाई दे सकते हैं. आपको बता दें, नाखूनों पर सफेद धब्बों को ल्यूकोनीशिया कहा जाता है. ऐसा कई कारणों से हो सकता है और इससे छुटकारा पाने के लिए आपको लंबे समय तक दवा लेने की जरूरत पड़ सकती है.

सफेद दाग किस कारण से होते हैं?
नाखूनों पर सफेद धब्बे ल्यूकोनीशिया होने के कई कारण हो सकते हैं. आमतौर पर यह किसी चोट या किसी संक्रमण या फंगस के कारण हो सकता है. इसके अलावा, यह कुछ दवाओं के दुष्प्रभाव के कारण भी हो सकता है. इसके अलावा, यह डायबिटीज, हार्ट डिजीज, लीवर डिजीज और एचआईवी के कारण भी हो सकता है. नाखूनों पर सफेद धब्बे शरीर में आयरन, कैल्शियम और जिंक की कमी के कारण भी हो सकते हैं. ये धब्बे आमतौर पर हानिरहित होते हैं और कभी-कभी दवा की भी आवश्यकता नहीं होती है. ऐसे में नाखूनों पर सफेद धब्बों का कारण पता लगाना महत्वपूर्ण है.
डॉक्टर से लें सलाह
यदि आपके नाखूनों पर सफेद धब्बे हैं, तो आपको निश्चित रूप से डॉक्टर से सलाह लेना चाहिए और जांच करानी चाहिए. यदि धब्बे किसी बीमारी के कारण नहीं हैं, तो किसी विशेष उपचार की आवश्यकता नहीं है. इसकी जांच के लिए ब्लड टेस्ट और बायोप्सी की जा सकती है. आपका डॉक्टर इसके उपचार के लिए एंटिफंगल दवाएं लिख सकता है. नाखूनों पर सफेद धब्बों का उपचार लॉन्ग टर्म के लिए भी हो सकता है. वहीं, यदि आप डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाइयों का नियमित सेवन करते हैं, तो आपको इसका लाभ जरूर महसूस होगा, अन्यथा ये धब्बे दोबारा भी उभर सकते हैं.
नाखूनों की सेहत को ऐसे बनाए रखें
पूरे शरीर के पोषण का ख्याल रखें. पौष्टिक आहार की मदद से नाखून न सिर्फ स्वस्थ रहते हैं, बल्कि वे फटते या कटते भी नहीं हैं. आपको बता दें, विटामिन बी के सेवन से नाखूनों की खूबसूरती बढ़ती है.
- नाखूनों की बाहरी त्वचा का खास ख्याल रखें.
- नियमित रूप से मॉइस्चराइजर से नाखूनों और रोमछिद्रों के आसपास की त्वचा को नमी दें.
- विटामिन सी का सेवन नाखूनों के आसपास की त्वचा को कटने और फटने से बचाता है.
- नाखूनों पर कम से कम केमिकल वाले उत्पादों का इस्तेमाल करें.


