Saturday, April 11, 2026

महिला की पिटाई कर गांव से निकाला, पीड़िता ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

Share

कोडरमा में एक गांव की महिला पर डायन कह प्रताड़ित किया गया. पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है.

कोडरमा: जिला के डोमचांच थाना क्षेत्र स्थित पीपरो गांव में एक महिला ने डायन और भूत कहकर प्रताड़ित करने का आरोप कुछ ग्रामीणों पर लगाया है. 60 वर्षीय महिला ने डोमचांच थाना में मामले की शिकायत दर्ज कराई है.

महिला ने थाना में आवेदन देते हुए बताया कि दूसरे पक्ष के बेटे की कैंसर से मौत के बाद गांव के सुरेश पंडित, नरेश पंडित समेत उनके परिवार के अन्य लोग उन्हें डायन कहकर प्रताड़ित करते हैं और उन्हें गांव से बेदखल कर दिया है. इस मामले पर दूसरे पक्ष के लोगों ने इन आरोपों को दरकिनार कर दिया है. वहीं इस मामले में डीसी के निर्देश के बाद जांच की जा रही है.

दरअसल, सुरेश पंडित के बेटे की मौत कुछ दिन पहले हो गई थी. बेटे की मौत से पहले सुरेश पंडित ने ओझागुणी की मदद ली थी लेकिन टाटा कैंसर अस्पताल में उसके बेटे की मौत हो गई. पीड़िता ने बताया कि उनके बेटे की मौत के बाद सुरेश पंडित और उसके परिवार के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और गांव से बेदखल कर दिया. जिसके बाद वह डर से गांव में नहीं रह रही हैं.

वहीं इस मामले को लेकर सुरेश पंडित ने महिला को प्रताड़ित किए जाने से साफ इनकार किया है. इधर मामला संज्ञान में आने के बाद उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को जांच का आदेश दिया है. उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने बताया कि फिलहाल इस मामले में किसी तरह की सच्चाई प्रतीत नहीं हो रही है. लेकिन उन्होंने कहा कि आज के समय में इस तरह की बातें बर्दाश्त योग्य नहीं है. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए कानूनी प्रावधान है.

Read more

Local News