सक्ती: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में 21 वर्षीय युवक को कथित तौर पर उसकी किशोरी प्रेमिका के परिजनों ने कपड़े उतारकर पीटा. सक्ती पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
नाबालिग प्रेमिका के परिजनों पर बांध कर पीटने का आरोप: सक्ती पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि 8 अप्रैल की घटना है. इस दिन युवक 16 साल की नाबालिग से मिलने गया था. लड़की के परिजनों ने उस व्यक्ति को अपने घर पर देखा. उसके कपड़े उतारे और चप्पल, केबल और पाइप से उसकी पिटाई की. घटना के दूसरे दिन 9 अप्रैल को युवक को फिर से कपड़े उतारकर गांव की सड़कों पर पीटा गया. इस घटना का वीडियो मालखरौदा थाना क्षेत्र के बड़े रवेली गांव में काफी वायरल हुआ.
रायगढ़ में हो रहा युवक का इलाज: सक्ती एसपी ने बताया कि इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई की. 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है. पीड़ित युवक को रायगढ़ जिले के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हमले के संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है. सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और समुदाय के प्रमुखों को बुलाया और एफआईआर दर्ज कराई.-अंकिता शर्मा, सक्ती पुलिस अधीक्षक
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई: एसपी ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(2) (हत्या का प्रयास), 296 (अश्लील कृत्य), 351(2) (आपराधिक धमकी), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 126(2) (गलत तरीके से रोकना), 191(2) (दंगा) के साथ-साथ एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है. आगे की जांच जारी है.


