पुलिस को खूंटी जिले के कुल्दा जंगल से एक महिला का अधजला शव मिला है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
खूंटी: जिले में तोरपा के कुल्डा जंगल से पुलिस ने मंगलवार दोपहर एक अज्ञात महिला का जला हुआ शव बरामद किया है. जंगल में हत्या कर जलाने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई. ‘अम्मा पंचायत’ मुखिया मंजीत तोपनो की सूचना पर तोरपा पुलिस कुल्डा जंगल पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार दोपहर अम्मा पंचायत मुखिया मंजीत तोपनो ने तोरपा थाना प्रभारी को सूचना दी कि जंगल मे एक महिला का एक अधजला शव पड़ा हुआ है. सूचना पर थाना प्रभारी मुकेश हेम्ब्रम, सर्किल इंस्पेक्टर अशोक सिंह और एसआई अमरेंद्र मंडल मौके पर पहुंचे. प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि महिला की हत्या कुल्डा जंगल में ही की गई होगी और हत्या के बाद शव को जला दिया गया होगा. घटनास्थल से पुलिस ने महिला की एक चप्पल और एक जली हुई बोतल बरामद की है.
बताया जा रहा है कि शव लगभग तीन दिन पुराना है और संभवतः महिला की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है. शव पर नीले रंग का ब्लाउज और नीला पेटीकोट मिला है. कुल्डा जंगल, बालू माफियाओं का सेफ जोन की तरह रहा है और दशकों से इस जंगल में बालू का अवैध उत्खनन कर डंप कर अवैध परिवहन होता रहा है. लेकिन फिलहाल कुछ महीनों से इस जंगल से बालू डंप बंद है.
सूचना अनुसार नदी से सटे जंगली इलाकों में चोरी छिपे बालू का कारोबार होता रहा है. बहरहाल जंगल में हुए हत्या मामले की थाना प्रभारी मुकेश हेम्ब्रम ने पुष्टि करते हुए बताया कि जंगल में मिले शव की शिनाख्त की प्रक्रिया के लिए टीम बनाई गई है. फिलहाल बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
![]()


