Sunday, April 12, 2026

बिहार में रंगदारी का पैसा देने से पूर्व फौजी ने किया इंकार तो बदमाशों ने की गोलियों की बौछार, तीन लोग हुए घायल

Share

बिहटा में अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामले में पूर्व सैनिक ने 10 लाख की रंगदारी देने से इनकार किया तो बदमाशों ने उसके घर पर हमला कर दिया. फायरिंग और मारपीट से इलाके में दहशत फैल गई.

पटना जिले के बिहटा में अपराधियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. आए दिन हो रही गोलीबारी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. हाल ही में हुई दो बड़ी वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

महुआर गांव में पूर्व सैनिक के घर हमला

बुधवार सुबह महुआर गांव में अपराधियों ने पूर्व सैनिक विनोद कुमार पांडेय के घर पर हमला कर दिया. अपराधियों ने 10 लाख रुपये रंगदारी की मांग को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया. हमले के दौरान बदमाशों ने जमकर मारपीट की और ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. इस घटना में पूर्व सैनिक विनोद कुमार पांडेय, उनकी मां मालती देवी और विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. हालांकि, गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन इलाके में भय का माहौल गहरा गया है.

Bihar News

पुलिस की कार्रवाई तेज

घटना की सूचना मिलते ही घायल परिवार ने बिहटा थाना में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने पूर्व सैनिक की शिकायत पर अजय सिंह, अभ्यानंद सिंह उर्फ अभय सिंह, रजनीकांत सिंह और नितीश कुमार सहित चार से पांच अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

थाना प्रभारी का बयान

बिहटा थाना प्रभारी राज कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि इलाके में कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे.

लगातार हो रही वारदातें, प्रशासन पर उठे सवाल

बिहटा में बढ़ती आपराधिक घटनाओं से स्थानीय लोग चिंतित हैं. आए दिन हो रही गोलीबारी और रंगदारी मांगने की घटनाओं से आम जनता दहशत में है. अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन अपराधियों पर कितनी जल्दी लगाम लगाता है और इलाके में शांति बहाल करता है.

Read more

Local News