Sunday, April 12, 2026

“हेलो! मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आप हो सकते हैं अरेस्ट”, चंडीगढ़ के कर्नल को 9 दिनों तक किया डिजिटल अरेस्ट, फिर ठग लिए 3.41 करोड़ रुपए

Share

चंडीगढ़ में एक दंपति को ठग ने 9 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट रखा. इस दौरान ठगों ने दंपति से 3.41 करोड़ रुपए की ठगी की.

चंडीगढ़: शहर में इन दिनों साइबर ठग ठगी के लिए अलग-अलग तरीके अख्तियार कर रहे हैं. इस बीच चंडीगढ़ में एक 82 साल के कर्नल और उनकी पत्नी से करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है. ठगों ने दंपति को 9 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट करके कुल 3.41 करोड़ रुपए की ठगी की. पीड़ित दंपति ने थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

18 मार्च को आया पहली बार कॉल: दरअसल, कर्नल दिलीप सिंह बाजवा और उनकी पत्नी रनविंदर कौर बाजवा चंडीगढ़ सेक्टर 2 में रह रहे हैं. 18 मार्च को इंटरनेशनल नंबर से उन्हें एक कॉल आया. कॉल करने वाले ने दंपति से पूछा कि, “क्या आप नरेश गोयल को जानते हैं?” इस पर दंपति ने जवाब दिया, “हम नहीं जानते.” इसके बाद दंपति से कहा गया कि, “नरेश गोयल मनी लांड्रिंग मामले में जेल में बंद है. उसके घर से 247 एटीएम कार्ड मिले हैं. उसमें एक कार्ड में आपका नाम भी है, जिसमें 20 लाख रुपए आए हैं. कुल 2 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग हुई है. यह देश से जुड़ा मामला है. आपको अरेस्ट किया जा सकता है.”

Fraud From Retired Colonel in chandigarh

दंपति को भेजा फर्जी लेटर: इसके बाद 19 मार्च को एक बार फिर इंटरनेशनल नंबर से कॉल आया. इस बार उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का फर्जी लेटर भेजा, जहां अरेस्ट करने वाली टीम आ रही थी. दंपति को डराते हुए उनसे जुड़ी हर एक जानकारी ले ली गई. इसमें बैंक बैलेंस, घर में पड़ा सोना, प्रॉपर्टी के कागजात सब जानकारी दंपति से ले ली गई और दंपति को डिजिटल अरेस्ट कर लिया गया. डिजिटल अरेस्ट के दौरान वीडियो के जरिए दंपति को कोर्ट रूम दिखाया गया.

9 बार किया डिजिटल अरेस्ट: पीड़ित कर्नल दिलीप ने बताया, “मुझे 9 बार डिजिटल अरेस्ट किया गया. 27 मार्च को दोपहर 3 बजे वीडियो कॉल पर कोर्ट रूम दिखाया गया, जहां जज पुलिस ऑफिसर और दो आरोपी नजर आ रहे थे. इस दौरान जज ने मुझे कहा कि आपकी बेल गारंटीड है, लेकिन 2 करोड़ का बेल वारंट भरना होगा. इस पर मैंने जवाब दिया कि हमारे पास अब पैसे नहीं बचे हैं. तब जज ने मुझे किसी भी तरह पैसों का इंतजाम करने के लिए कहा. सुप्रीम कोर्ट का डर दिखाया. डिजिटल अरेस्ट के दौरान संपत्ति को सुप्रीम कोर्ट का डर दिखाते हुए ₹800000 अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए. मुझसे कुल पांच अलग-अलग खातों में कुल 3. 41 करोड़ रुपए ट्रांसफर करवाए गए.”

किसी को न बताने की दी धमकी: डिजिटल अरेस्ट के दौरान पीड़ित को ठगों ने किसी को भी कुछ भी न बताने की धमकी दिए. ठगों ने दंपति को नकली कोर्ट, नकली पुलिस और जज वीडियो कॉल में दिखाया और लगातार दंपति को धमकाते रहे.

ठगी का पता चलने पर लगाई न्याय की गुहार: पैसों की भरपाई करने के लिए कर्नल दिलीप बाजवा ने अपने कुछ रिश्तेदारों से पैसे उधार लेने की कोशिश की. इस पर रिश्तेदारों ने कर्नल को डिजिटल ठगी की बात कही. इसके बाद उन्होंने कुछ वकीलों से संपर्क किया. इसके बाद ठगी का अहसास होने पर दंपति ने 28 मार्च को थाने में शिकायत दर्ज कराई.

दंपति ने लगाई सरकार से मदद की गुहार: ठगी की शिकायत दर्ज कराने के बाद दंपति ने गृहमंत्री, रक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री को पत्र लिख कर मदद की गुहार लगाई है.

Fraud From Retired Colonel in  chandigarh

Read more

Local News