Thursday, July 23, 2026

बिहार के रोहतास जिले में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए जल्द ही हॉट एयर बैलून सेवा शुरू होने जा रही है. करमचट इको टूरिज्म एंड एडवेंचर हब में इसका सफल ट्रायल किया गया है.

Share

अब पर्यटक बिहार के कैमूर की पहाड़ियों और दुर्गावती डैम के मनोरम नज़ारे आसमान से देख सकेंगे. जल्द ही रोहतास जिले के करमचट इको टूरिज्म एंड एडवेंचर हब में हॉट एयर बैलून सेवा शुरू होने जा रही है. इस रोमांचक सफर का ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के दौरान इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास किया था, जिसकी कुल लागत 4973.33 लाख रुपए है.

500 रुपए में मिलेगा एडवेंचर का अनुभव

पर्यटन विभाग ने बताया कि, एक बैलून में 6 लोग एक साथ उड़ान भर सकेंगे. हर व्यक्ति के लिए 500 रुपए किराया निर्धारित किया गया है. हालांकि, इस रोमांचक सफर का आनंद केवल 18 साल या उससे अधिक उम्र के लोग ही ले सकेंगे.

सुबह-शाम होंगे ट्रिप, 120 फीट तक होगी उड़ान

मौसम की स्थिति को देखते हुए बैलून सेवा का संचालन सुबह 6 से 8 बजे और शाम 5 बजे से किया जाएगा. हर ट्रिप 100-120 फीट की ऊंचाई तक जाएगी, जहां से यात्री पूरे इलाके का पक्षी दृष्टि से अवलोकन कर सकेंगे. एक ट्रिप की अवधि लगभग 15 मिनट होगी.

बोट हाउस कैंप का भी होगा निर्माण

इस परियोजना के तहत 271.16 लाख रुपए की लागत से बादलगढ़ में बोट हाउस कैंप का भी निर्माण किया जा रहा है. यह पूरी योजना रोहतास जिले में इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है. वन क्षेत्र अधिकारी और इको टूरिज्म प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि हॉट एयर बैलून सेवा शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन और रोमांच प्रेमियों की संख्या बढ़ेगी. जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा.

Read more

Local News