Thursday, July 23, 2026

बिहार में अगले 24 घंटे में वज्रपात के साथ होगी बारिश! इन 14 जिलों में IMD का येलो अलर्ट

Share

बिहार के मौसम में इन दिनों लगातार बदलाव देखा जा रहा है. हल्के बादलों और पछुआ हवाओं के बीच राज्य के कई हिस्सों में बूंदाबांदी हो रही है. कल यानि शनिवार को राज्य के 14 जिलों में वज्रपात के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

बिहार के मौसम में इन दिनों लगातार बदलाव देखा जा रहा है. हल्के बादलों और पछुआ हवाओं के बीच राज्य के कई हिस्सों में बूंदाबांदी हो रही है, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिली है. दिन और रात का तापमान अब दो अंकों में पहुंच चुका है, जिससे ठंड लगभग समाप्त हो गई है. हालांकि, आज यानी 21 फरवरी को बारिश की संभावना कम है, लेकिन आसमान में हल्के बादल बने रहेंगे. वहीं 22 फरवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की प्रबल संभावना है

कल बिहार के 14 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव से राज्य में बारिश की स्थिति बनी हुई है. मौसम वैज्ञानिक कुमार गौरव के मुताबिक, यह सिलसिला कल यानी 22 फरवरी तक जारी रहेगा. कल बिहार के पूर्वी भागों के 14 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है. इसके साथ ही बिजली गिरने और ठनका चमकने की भी आशंका जताई गई है, जिसके चलते मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.

किन जिलों में होगी बारिश?

22 फरवरी को बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, खगड़िया, बांका, जमुई, मुंगेर, गया और नवादा में बारिश होने की संभावना है. किसानों को सतर्क रहने और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.

Weather

आज का तापमान और मौसम पूर्वानुमान

21 फरवरी की सुबह हल्की सिहरन के साथ शुरू होगी, लेकिन धूप निकलते ही ठंड का असर कम हो जाएगा. दिन में अधिकतर स्थानों पर धूप खिली रहेगी, हालांकि कुछ क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. अधिकतम तापमान 28-32°C के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 14-18°C तक दर्ज किया जा सकता है. पछुआ हवाओं के हल्की गति से बहने की संभावना भी जताई गई है. मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में 3-4°C की बढ़ोतरी हो सकती है. इस बदलते मौसम के मद्देनजर किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Read more

Local News