Sunday, April 20, 2025

दिल्ली की सीएम चुनी गईं रेखा गुप्ता गुरुवार को पद की शपथ लेंगी. वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी. महिला मुख्यमंत्रियों पर एक नजर…

Share

LIST OF WOMAN CHIEF MINISTERS IN INDIA Delhi New CM rekha gupta to sucheta kriplani

 भाजपा विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी. दिल्ली भाजपा के प्रदेश कार्यालय में बुधवार शाम 7 बजे हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी. शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता गुरुवार दोपहर को रामलीला मैदान में होने वाले समारोह में सीएम पद की शपथ लेंगी. वह सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी.

अगर पूरे भारत की बात करें तो अब तक देश के 28 राज्यों में से 12 राज्यों में 17 महिला मुख्यमंत्री रही हैं. इनमें से शीला दीक्षित सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रही हैं, जबकि जानकी रामचंद्रन का महिला मुख्यमंत्री के रूप में सबसे छोटा कार्यकाल रहा है. भारत की पहली महिला मुख्यमंत्री सुचेता कृपलानी थी. वह अक्टूबर 1963 से मार्च 1967 तक उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रहीं.

महिला मुख्यमंत्रियों की लिस्ट

  1. सुचेता कृपलानी (कांग्रेस) –उत्तर प्रदेश की पहली महिला मुख्यमंत्री थीं. उनका कार्यकाल अक्टूबर 1963 से मार्च 1967 तक रहा.
  2. नंदिनी सत्पथी (कांग्रेस) –दो बार ओडिशा की मुख्यमंत्री रहीं. पहला कार्यकाल – जून 1972 से मार्च 1973 और दूसरा कार्यकाल- मार्च 1974 से दिसंबर 1976 तक रहा.
  3. शशिकला काकोडकर (महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी)– गोवा की पहली और एकमात्र महिला मुख्यमंत्री रहीं. उनका कार्यकाल- अगस्त 1973 से अप्रैल 1979 तक रहा.
  4. सैयदा अनवरा तैमूर (कांग्रेस)– असम की पहली महिला मुख्यमंत्री रहीं. उनका कार्यकाल दिसंबर 1980 से जून 1981 तक रहा.
  5. जानकी रामचंद्रन (AIADMK)– तमिलनाडु की पहली महिला मुख्यमंत्री रहीं. उनका कार्यकाल 7 जनवरी 1988 से 30 जनवरी 1988 तक रहा.
  6. जे जयललिता (AIADMK)– जयललिता पांच बार तमिलनाडु की मुख्यमंत्री रहीं. कार्यकाल- जून 1991 से मई 1996, मई 2001 से सितंबर 2001, मार्च 2002 से मई 2006, मई 2011 से सितंबर 2014, मई 2015 से दिसंबर 2016.
  7. मायावती (BSP)– मायावती भारत में पहली दलित महिला मुख्यमंत्री हैं और चार बार उत्तर प्रदेश की सीएम रह चुकी हैं. कार्यकाल – जून 1995 से अक्टूबर 1995, मार्च 1997 से सितंबर 1997, मई 2002 से अगस्त 2003, मई 2007 से मार्च 2012.
  8. राजिंदर कौर भट्टल (कांग्रेस)– पंजाब की पहली महिला मुख्यमंत्री रहीं. उनका कार्यकाल जनवरी 1996 से फरवरी 1997 तक रहा.
  9. राबड़ी देवी (RJD) –तीन बार बिहार की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं. वह राज्य की एकमात्र महिला सीएम हैं. कार्यकाल – जुलाई 1997 से फरवरी 1999, मार्च 1999 से मार्च 2000, मार्च 2000 से मार्च 2005.
  10. सुषमा स्वराज (BJP)– सुषमा दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री रहीं. उनका कार्यकाल अक्टूबर 1998 से दिसंबर 1998 तक रहा.
  11. शीला दीक्षित (कांग्रेस)– लगातार तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं. उनका कार्यकाल दिसंबर 1998 से दिसंबर 2013 तक रहा.
  12. उमा भारती (BJP)– मध्य प्रदेश की पहली महिला मुख्यमंत्री. कार्यकाल – दिसंबर 2003 से अगस्त 2004 तक.
  13. वसुंधरा राजे (BJP)– दो बार राजस्थान की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं. पहला कार्यकाल- दिसंबर 2003 से दिसंबर 2008 तक और दूसरा कार्यकाल- दिसंबर 2013 से 2018 तक.
  14. ममता बनर्जी (तृणमूल कांग्रेस)– ममता मई 2011 से अब तक पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री हैं. यह उनका तीसरा कार्यकाल है.
  15. आनंदीबेन पटेल (BJP)– गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री. कार्यकाल- मई 2014 से अगस्त 2016 तक
  16. महबूबा मुफ्ती (PDP)– अप्रैल 2016 से जून 2018 तक जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री रही हैं.
  17. आतिशी (AAP) –आतिशी ने 21 सितंबर, 2024 को दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. वह दिल्ली की सबसे कम उम्र की महिला सीएम बन गईं. उन्होंने 09 फरवरी 2025 को अपना इस्तीफा सौंप दिया.

Read more

Local News