Sunday, November 29, 2026

बिहार को 506 करोड़ की परियोजना की सौगात, रैयाम में फिर शुरू होगी चीनी मिल

Share

अमित शाह के 11 दिसंबर के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज; चीनी के साथ एथेनॉल, बिजली और कंप्रेस्ड बायोगैस उत्पादन की भी योजना

दरभंगा, 29 नवंबर 2026: बिहार के दरभंगा जिले में दशकों से बंद पड़ी रैयाम चीनी मिल को दोबारा शुरू करने की दिशा में पहल तेज हो गई है। केवटी स्थित पुरानी मिल की जमीन पर करीब 506 करोड़ रुपये की लागत से नई सहकारी चीनी मिल स्थापित करने की योजना है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 11 दिसंबर को प्रस्तावित दौरे से पहले परिसर में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

1914 में हुई थी मिल की शुरुआत

रैयाम चीनी मिल की स्थापना वर्ष 1914 में हुई थी। यह इकाई 1990 के दशक के मध्य से बंद पड़ी है। अब यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त नई सहकारी चीनी मिल बनाने की तैयारी है। प्रस्तावित योजना के मुताबिक, 2028-29 के गन्ना पेराई सत्र तक उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

अमित शाह के संभावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए केवटी विधायक मुरारी मोहन झा ने मिल परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान सहकारिता विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और स्थानीय नेता मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान सभा स्थल, सुरक्षा इंतजाम, पार्किंग और आवागमन के रास्तों की स्थिति देखी गई। विधायक ने अधिकारियों को परिसर की साफ-सफाई और कार्यक्रम से जुड़ी अन्य व्यवस्थाएं निर्धारित समय में पूरी करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि रैयाम चीनी मिल का इस क्षेत्र के आर्थिक जीवन में महत्वपूर्ण स्थान रहा है। इसके दोबारा चालू होने से मिथिला और आसपास के इलाकों के हजारों गन्ना किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

चीनी के अलावा एथेनॉल और बिजली का भी होगा उत्पादन

प्रस्तावित मिल में केवल चीनी निर्माण तक ही गतिविधियां सीमित नहीं रहेंगी। परियोजना के तहत एथेनॉल और बिजली उत्पादन की इकाइयां भी स्थापित करने की योजना है। इसके अलावा कंप्रेस्ड बायोगैस उत्पादन की सुविधा विकसित करने का भी प्रस्ताव है।

मिल के निर्माण और संचालन की जिम्मेदारी इंडियन पोटाश लिमिटेड (IPL) को सौंपे जाने की बात सामने आई है।

1,018 गांवों में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने की तैयारी

नई मिल की जरूरतों को पूरा करने के लिए आसपास के 1,018 राजस्व गांवों में लगभग 33 हजार हेक्टेयर भूमि गन्ने की खेती के लिए चिह्नित की गई है। मिल शुरू होने के बाद इन गांवों के किसानों को गन्ना बेचने के लिए नजदीक में ही एक संभावित बाजार उपलब्ध होगा।

इससे स्थानीय स्तर पर गन्ने की खेती का रकबा बढ़ने और किसानों को फसल की बिक्री के लिए बेहतर विकल्प मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

सकरी में भी स्थापित होगी नई सहकारी चीनी मिल

बिहार सरकार ने सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत रैयाम के साथ सकरी की बंद चीनी मिल की जमीन पर भी नई सहकारी मिल स्थापित करने की मंजूरी दी है।

दोनों परियोजनाओं की योजना, लागत और व्यावहारिकता का आकलन करने के लिए सहकारिता विभाग ने राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ लिमिटेड के साथ समझौता किया है। इसके तहत विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) और व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

Read more

Local News