Sunday, November 29, 2026

25 दिसंबर तक चलेगा सेवा दूत अभियान, जनसुनवाई से लेकर नशामुक्ति शिविर तक होंगी गतिविधियां.

Share

रांची, 29 नवंबर 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा देशभर में ‘सेवा दूत अभियान’ चलाएगी। झारखंड में यह कार्यक्रम 1 से 25 दिसंबर तक राज्य के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होगा। इसकी तैयारियों को लेकर रविवार को रांची के धुर्वा स्थित मयूरवन बैंक्वेट हॉल में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला हुई।

कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री मनोज तिग्गा और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय ने कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में बताया।

जनता के बीच सेवा भाव से पहुंचने का निर्देश

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि सेवा दूतों की भूमिका केवल पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगी। उन्हें आम लोगों के बीच जाकर परिवार के सदस्य की तरह संवाद करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण और आत्मीयता के जरिए लोगों से संबंध मजबूत करने की अपील की।

साहू के मुताबिक, अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों और जरूरतमंदों के लिए शुरू की गई योजनाओं और किए गए कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

2029 के लक्ष्य के साथ संगठन मजबूत करने पर जोर

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2029 में झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने को कहा। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने पर जोर दिया।

मरांडी ने कहा कि क्षेत्रीय प्रवास के दौरान आम लोगों की समस्याओं, राज्य सरकार के प्रति उनकी नाराजगी और केंद्र की योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी जुटाई जाए। यह भी पता लगाया जाए कि योजनाओं का लाभ किन लोगों को मिल रहा है और कहां अड़चनें सामने आ रही हैं।

जनसुनवाई और सेवा शिविर होंगे आयोजित

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री मनोज तिग्गा ने अभियान की गतिविधियों की जानकारी दी। इसके तहत जनसुनवाई, लाभार्थियों से संवाद, नशामुक्ति शिविर, स्वच्छता अभियान, सामुदायिक भागीदारी और विभिन्न सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान होने वाले कार्यक्रमों और गतिविधियों का रिकॉर्ड रखने के लिए सरल ऐप का इस्तेमाल किया जाएगा।

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का नियमित क्षेत्रीय प्रवास जरूरी है। अभियान में पुराने कार्यकर्ताओं को फिर से जोड़ने और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।

हर विधानसभा में नियुक्त होगा समन्वयक

प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने बताया कि अभियान के संचालन के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक समन्वयक नियुक्त किया जाएगा। अभियान का समापन 25 दिसंबर को होगा। इस दिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हादसे में मृत लोगों को दी गई श्रद्धांजलि

कार्यशाला के दौरान रामगढ़ सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले 13 लोगों और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की दिवंगत मां को श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया।

इस मौके पर भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधानसभा समन्वयक और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Read more

Local News